Edited By Kalash,Updated: 23 Nov, 2026 12:30 PM

गांव गट्टी रायपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार छात्र की मौत हो गई।
लोहियां खास (सुभाष): गांव गट्टी रायपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान हुसनदीप सिंह पुत्र जसवंत सिंह निवासी गांव गट्टी रायपुर के रूप में हुई है। वह अकाल गैलेक्सी कॉन्वेंट स्कूल, लोहियां में नौवीं कक्षा का विद्यार्थी था।
जानकारी के अनुसार गुरुपर्व के पावन अवसर पर हुसनदीप सिंह गांव के गुरुद्वारा साहिब में सेवा करने गया था। सेवा करने के बाद वह मोटरसाइकिल पर गांव की दुकान से सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर एक अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घायल छात्र को देखकर उसके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पिता जसवंत सिंह और ग्रामीण उसे तुरंत जोसन अस्पताल, लोहियां लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हुसनदीप अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। अकाल गैलेक्सी कॉन्वेंट स्कूल की प्रिंसीपल अमनप्रीत कौर ने भी छात्र की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। लोहियां पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here