Edited By Kamini,Updated: 15 Feb, 2024 12:36 PM
ऐसे में पंजाब का सबसे बड़ा और महंगा टोल प्लाजा लाडोवाल पर किसान पहुंच गए जहां पर उन्होंने धरना लगा दिया है और टोल प्लाजा को फ्री करवा दिया है।
पंजाब डेस्क : पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच का आज (15 फरवरी) तीसरा दिन है। अपनी मांगें पूरी कराने के लिए किसान हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। इसी बीच किसान आंदोलन के समर्थन में आज पंजाब के 6 जिलों में 12 बजे से 4 बजे तक रेल रोकने का ऐलान किया है। वहीं किसानों ने सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक पंजाब के सभी टोल प्लाजा फ्री कर दिए हैं। ऐसे में पंजाब का सबसे बड़ा और महंगा टोल प्लाजा लाडोवाल पर किसान पहुंच गए जहां पर उन्होंने धरना लगा दिया है और टोल प्लाजा को फ्री करवा दिया है। टोल प्लाज के फ्री होने पर लोगों को काफी राहत मिली है।
इस मौके पर किसान और टोल कर्मचारियों के बीच बहस भी हुई है। सभी वाहनों को टोल प्लाजा से फ्री में गुजरने दिया जा रहा है। किसानों का कहना है कि शंभू बॉर्डर पर बैठे किसानों के समर्थन में आज टोल प्लाजा फ्री कर दिए गए हैं और इसके साथ ही दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक ट्रेनों का भी चक्का जाम किया जाएगा। कल यानी 16 फरवरी को भारत बंद का ऐलान किया गया है। लाडोवाल टोल प्लाजा पर किसान मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
किसानों ने कहा कि संविधान के मुताबिक हर व्यक्ति को अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन यहां जंगल राज्य है और संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। हम सड़कों पर प्रदर्शन करते हैं तो हम पर केस दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की ये दादागिरी नहीं चलेगी। अगर सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानी तो वे संघर्ष को और भी तेज करेंगे। बता दें पंजाब में 13 फरवरी से शुरू हुए किसान आंदोलन ने बड़ा रूप ले लिया है। किसानों पर दागे गए आंसू गैस के गोले और प्लास्टिक की गोलियों के कारण कई किसान घायल हो गए जिससे पंजाब के अन्य किसान संगठन भी भड़क गए हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here