Edited By Subhash Kapoor,Updated: 03 Sep, 2023 04:39 PM

लुधियाना में एक 13 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है।
लुधियाना (जगरूप) : लुधियाना में एक 13 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। दरअसल लड़की माता-पिता के काम पर जाने और भाई के स्कूल जाने के बाद घर पर अकेली थी, तो इस दौरान एक युवक ने बहला-फुसलाकर उसके साथ यौन शोषण किया है। साढ़े 17 साल के आरोपी नाबालिग लड़के को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद किशोर हिरासत केंद्र भेज दिया है।
इस संबंध में जानकारी देते थाना साहनेवाल के प्रभारी इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह बोपाराय ने बताया कि कंगनवाल के महादेव नगर नजदीक मोहल्ला कुंती नगर निवासी 13 वर्षीय नाबालिग की मां ने पुलिस में शिकायत दी है कि वे पति-पत्नी दोनों एक फैक्ट्री में काम करते हैं तथा उनका 17 साल का बेटा और 13 साल की बेटी है। पति-पत्नी दोनों काम पर जाते हैं और लड़का स्कूल के बाद पास की किराने की दुकान पर काम करने जाता है। उनकी 13 साल की बेटी घर पर अकेली होती है। गत 28 अगस्त की रात करीब 8 बजे जब दोनों पति-पत्नी घर लौटे तो देखा कि बच्ची घर पर नहीं है, जिस पर उन्होंने तुरंत बच्ची को इधर-उधर ढूंढना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद उन्हें लड़की ढंडारी कलां पार्क के पास बेहद डरी और बेबस खड़ी मिली। नाबालिग ने अपनी मां को बताया कि ढंडारी कलां के नाबालिग लड़के ने उसे उक्त पार्क में बुलाया और न आने पर नाबालिग के भाई को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। नाबालिग ने अपनी मां को बताया कि वह पिछले 4-5 महीने से उक्त लड़के से फोन पर बात कर रही थी। जिसने एक-दो बार लड़की को सुनसान जगह पर बुलाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। 28 अगस्त को उक्त लड़का लड़की के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश कर रहा था तो इसी बीच लड़की के माता-पिता को देख वह मौके से भाग गया। पुलिस प्रमुख बोपाराय ने बताया कि पुलिस ने उक्त नाबालिग लड़के के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद उक्त लड़के को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।