Edited By Vatika,Updated: 26 Nov, 2026 08:33 AM

महानगर में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए कार सवार बेखौफ बदमाशों ने काम कर रहे दो युवकों का दिनदहाड़े ...
लुधियाना(राज): महानगर में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए कार सवार बेखौफ बदमाशों ने काम कर रहे दो युवकों का दिनदहाड़े अपहरण कर सनसनी फैला दी है। यह खौफनाक वारदात गांव भट्टियां के नजदीक स्थित पानी के ट्रीटमेंट प्लांट के पास घटी, जहां सफेद रंग की रिट्ज कार में सवार होकर आए चार अज्ञात हमलावरों ने वेल्डिंग का काम कर रहे दो युवकों को जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बैठाया और मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी एवं शिकायतकर्ता करन कुमार के बयानों के आधार पर थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने चार अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज कर युवकों की सकुशल बरामदगी के लिए तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दिए गए बयानों में शिकायतकर्ता करन कुमार ने बताया कि बीती 25 नवंबर को वह अपने मामा के लड़के ईश्वर सिंह उर्फ टिंकू तथा एक अन्य साथी प्रदीप कुमार के साथ गांव भट्टियां के नजदीक स्थित पानी के ट्रीटमेंट प्लांट पर वेल्डिंग का काम कर रहे थे।
जब वे वहां काम कर रहे थे, तो उसी दौरान एक सफेद रंग की रिट्ज कार वहां आकर रुकी, जिसमें चार अज्ञात व्यक्ति सवार थे। कार से उतरे चारों बदमाशों ने देखते ही देखते उसके मामा के लड़के ईश्वर सिंह उर्फ टिंकू और साथी प्रदीप कुमार को दबोच लिया और दोनों को जबरदस्ती अपनी रिट्ज कार के अंदर बैठा कर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस अपहरण की वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सफेद रिट्ज कार का सुराग लगाने के लिए गांव भट्टियां और आसपास के मुख्य मार्गों व टोल प्लाजा पर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपहरणकर्ताओं को जल्द दबोच कर दोनों युवकों को सकुशल बरामद किया जा सके।