लड़के को थार से टक्कर का मामला: परिवार ने दिया अल्टीमेटम, अगर गिरफ्तारी नहीं हुई तो...

Edited By Kamini,Updated: 23 Nov, 2026 01:04 PM

kharar thar incident

करीब 48 घंटे बीत जाने के बावजूद सनी एन्क्लेव सेक्टर-125 इलाके में 200 फुट रोड पर 17 साल के यश कुमार को थार गाड़ी से टक्कर मारने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिवार में गुस्सा बढ़ता जा रहा है।

खरड़ (रणबीर): करीब 48 घंटे बीत जाने के बावजूद सनी एन्क्लेव सेक्टर-125 इलाके में 200 फुट रोड पर 17 साल के यश कुमार को थार गाड़ी से टक्कर मारने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिवार में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इंसाफ की मांग करते हुए मृतक के परिवार ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम दिया कि अगर आज सोमवार तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे सदर थाना खरड़ का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक पोस्टमार्टम करवाने और बॉडी लेने से भी मना कर दिया है। 

यश की बॉडी फिलहाल मोहाली के फेज-6 सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखी है। मृतक यश के पिता अनिल कुमार निवासी केंद्रीय विहार-2, खरड़ ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि 20 नवंबर की शाम को उनका बेटा अपने दोस्तों के साथ 200 फुट रोड के पास स्नैक्स खाने गया था। इस दौरान युवराज कंबोज और तरन ग्रेवाल के बीच चल रहे झगड़े के चलते युवराज ने यश को मदद के लिए मौके पर बुलाया था। कुछ देर बाद तरन ग्रेवाल अपने 3-4 दोस्तों के साथ थार में वहां पहुंचा और यश और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की।

एक्टिवा को टक्कर मारकर सड़क पर गिराया, फिर चढ़ाई थार

शिकायत के मुताबिक, हमलावरों के पास धारदार हथियार भी थे। हालात बिगड़ते देख यश और उसके दोस्त एक्टिवा पर सवार होकर वहां से जाने लगे। इस दौरान आरोप है कि तरन ग्रेवाल ने थार से एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने थार को बैक किया और यश को कुचलने के लिए उस पर चढ़ा दिया। पिता के बयानों के मुताबिक, आरोपियों ने यश को 3 बार टक्कर मारी। घटना के बाद यश के दोस्त उसे तुरंत सिविल हॉस्पिटल फेज-6 मोहाली ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत के बाद परिवार सदमे में है। पिता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि इस घटना के पीछे 2 लड़कियों को लेकर पुरानी रंजिश है। 14 नवंबर को इसी झगड़े को लेकर तरन ग्रेवाल और युवराज के बीच झगड़ा हुआ था।

आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिवार ने लिया कड़ा फैसला

शिकायत के आधार पर सदर खरड़ पुलिस ने तरन ग्रेवाल और 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ BNS की धारा 103 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन करीब 48 घंटे बीत जाने के बावजूद किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से परिवार में गुस्सा है। परिवार वालों ने साफ कर दिया कि जब तक आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर लेती, वे न तो पोस्टमार्टम कराएंगे और न ही बॉडी को कब्जे में लेंगे। उन्होंने सोमवार तक की डेडलाइन दी और थाने का घेराव और धरने की चेतावनी दी।

पुलिस टीमें छापेमारी में जुटी, जल्द गिरफ्तारी का भरोसा

इस मामले के बारे में SHO शिविंदर सिंह ने कहा कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ह्यूमन इंटेलिजेंस और टेक्निकल तरीकों की मदद ले रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!