पठानकोट-डलहौजी हाईवे पर हादसा, खाई में गिरी बोलेरो, SSF ने रेस्क्यू कर बचाईं 3 महिलाओं की जान

Edited By Vatika,Updated: 18 Nov, 2026 03:11 PM

highway accident

पठानकोट-डलहौजी-चंबा नेशनल हाईवे पर गांव भूण के पास एक बड़ा हादसा हो गया।

पठानकोट (हरजिंदर सिंह गोराया): पठानकोट-डलहौजी-चंबा नेशनल हाईवे पर गांव भूण के पास एक बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़ी बोलेरो जीप अचानक पीछे की ओर खिसकते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में जीप में सवार 3 महिलाएं घायल हो गईं।

सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा बल (SSF) की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इस संबंध में जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा बल धार-कटोरी बंगला के नाइट शिफ्ट अधिकारी ASI जोगिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें हादसे की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि बोलेरो जीप नंबर JK-08C-0090 को जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के गांव हटमस्का निवासी दीपक थापा चला रहा था। जीप पठानकोट से बसोहली की ओर जा रही थी।

रास्ते में गांव भूण के पास यात्रियों ने आराम करने के लिए गाड़ी सड़क किनारे रोक दी और नीचे उतर गए। इसी दौरान चालक द्वारा हैंडब्रेक ठीक से न लगाए जाने के कारण जीप अचानक पीछे की ओर खिसकने लगी और सड़क के साथ लगती गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही ASI जोगिंदर सिंह अपनी टीम के सदस्य कांस्टेबल विकास मेहरा और कांस्टेबल मुनीश सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से तीनों घायल महिलाओं को खाई से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए कम्युनिटी हेल्थ सेंटर बधानी में भर्ती करवाया। महिलाओं की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए सिविल अस्पताल पठानकोट रेफर कर दिया। घायल महिलाओं की पहचान सुनीता देवी, काजल और शक्ति देवी के रूप में हुई है। तीनों जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के गांव हटमस्का की रहने वाली हैं।

SSF टीम ने पेश की ईमानदारी की मिसाल
हादसे के बाद SSF की टीम ने घायलों के मोबाइल फोन, नकदी वाले पर्स, कपड़े, दवाइयां और अन्य कीमती सामान सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और बाद में उनके परिजनों को सौंप दिया। SSF टीम ने वाहन चालकों से अपील की कि पहाड़ी और ढलान वाले रास्तों पर वाहन खड़ा करते समय विशेष सावधानी बरतें और हैंडब्रेक का सही इस्तेमाल जरूर करें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!