Edited By Kalash,Updated: 19 Nov, 2026 06:00 PM

अनाज मंडी में परमल धान की खरीद को लेकर किसानों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
फाजिल्का/अबोहर (कृष्ण): अनाज मंडी में परमल धान की खरीद को लेकर किसानों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई किसान पिछले 18 से 22 दिनों से अपनी फसल लेकर मंडी में बैठे हैं, लेकिन कभी बोली बंद होने, कभी बारदाने की कमी और कभी कटौती के कारण उनका पूरा धान नहीं तुल पा रहा है। एक ओर किसान खुले आसमान के नीचे ठंड में रातें बिताने को मजबूर हैं, वहीं गेहूं की बिजाई भी देरी से हो रही है। मंडी के शेड नंबर 13 में बैठे गांव चन्नण खेड़ा के धर्माराम ने बताया कि वह 12 तारीख की शाम को धान लेकर मंडी में आए थे, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद उनकी फसल नहीं बिकी। उन्होंने कहा कि बासमती धान तो मिनटों में बिक जाता है, लेकिन परमल धान की खरीद नहीं हो रही। इसके कारण किसानों को मौसम खराब होने का डर सता रहा है।
बारदाने की कमी के कारण केवल आधा धान ही तुल रहा
गांव बहावालवासी के किसान जगदीश सिंह ने बताया कि वह पिछले 19-20 दिनों से मंडी में बैठे हैं। किसान यूनियनों की ओर से 4-5 दिन धरना देने के बाद बीती शाम बोली तो हुई, लेकिन अब बारदाने की कमी का हवाला दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके पास 200 क्विंटल धान है, लेकिन बारदाना कम होने के कारण आज मुश्किल से 100 क्विंटल ही तुल पाएगा। बाकी धान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही। उन्होंने अपना दुख बयां करते हुए कहा कि वे ठंड में खुले स्थान पर रातें बिताने को मजबूर हैं। ठंडी रोटी खानी पड़ रही है और चोरी के डर से अंदर भी नहीं सो सकते।

कम रेट और कटौती करने के आरोप
इसी तरह पिछले 21-22 दिनों से मंडी में बैठे किसान बलजीत सिंह ने आरोप लगाया कि उनके 200 क्विंटल धान में से भी केवल 100 क्विंटल ही तौला जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले कई किसानों के धान में प्रति क्विंटल 10 से 12 किलो तक कटौती की गई। इसके अलावा निजी फर्मों की ओर से सरकारी रेट से 300-350 रुपये कम यानी 2100-2200 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से धान खरीदकर किसानों के साथ अन्याय किया गया। किसानों ने सरकार से हाथ जोड़कर अपील की है कि उनकी पूरी ढेरी बिना किसी कटौती के तौली जाए, ताकि वे समय पर गेहूं की बिजाई कर सकें।
क्या कहना है मंडी अधिकारी का?
दूसरी ओर, इस मामले में संबंधित अधिकारी ने दावा किया कि मंडी में लगभग पूरी खरीद पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से बीते दिन एक दिन के लिए खरीद खोली गई थी, जिसके दौरान किसानों का धान खरीद लिया गया। बासमती की निजी खरीद भी लगातार जारी है। शिकायतों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि जो एक-दो शिकायतें मिली थीं, उनका समाधान कर दिया गया है। नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित फर्म का लाइसेंस पांच दिनों के लिए निलंबित किया गया है। अधिकारी के अनुसार, अब मंडी में बहुत कम मात्रा में धान बचा है। तुलाई का काम जारी है और अगले 3-4 दिनों में पूरी फसल की लिफ्टिंग कर ली जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here