Edited By Vatika,Updated: 19 Aug, 2023 02:23 PM

मौके पर मौजूद पुलिस ने पत्नी के बयानों के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अमृतसरः अमृतसर में उस समय सनसनी फैल गई जब रात करीब 12 बजे 4 हमलावरों ने 3 साल की मासूम बेटी के सामने उसके पिता की गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रामशरण निवासी जंडियाला गुरु गऊशाला रोड के रूप में हुई है। पता चला है कि इस घटना के दौरान मृतक ने बेटी को जान बचाने के लिए उसे कार के नीचे दबा बिठा दिया था। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पत्नी मनी ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि उसका पति रामशरण मजदूरी करता था। रात को वह अपनी मासूम बेटी को लेकर अपने भाई सतपाल सिंह के घर गया था। जब वह अपनी जैन कार में घर लौटा तो उसने शोर सुनकर दरवाजा खोला। उसी समय 2 मोटरसाइकिलों पर सवार 4 हमलावर उनके पति की कार का पीछा करते हुए आए। आते ही उन्होंने रामशरण पर गोलियां चला दी। घायल हालत में उसके पति ने अपनी बेटी को बचाने के लिए कार के अंदर लेटा दिया, जिससे उसकी जान बच गई।
पत्नी ने बताया कि गोलियों की आवाज सुनकर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद हमलावर भाग गए। जब वे रामशरण को इलाज के लिए अस्पताल ले गए तो उसकी मौत हो गई। मृतक रामशरण की पत्नी मनी ने पुलिस को बताया कि उसके पति की हत्या किसी रंजिश को लेकर की गई है। मौके पर मौजूद पुलिस ने पत्नी के बयानों के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।