Edited By Sunita sarangal,Updated: 05 Jan, 2021 09:42 AM
शहर में आज फिर आसमान में ड्रोन उड़ता दिखाई दिया जिसने पूरे शहर का चक्कर लगाया और कुछ क्षणों के लिए यह आसमान पर रुका भी।
कादियां(जीशान): शहर में आज फिर आसमान में ड्रोन उड़ता दिखाई दिया जिसने पूरे शहर का चक्कर लगाया और कुछ क्षणों के लिए यह आसमान पर रुका भी। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि वह शहर के विभिन्न स्थानों की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कर रहा हो। इस संबंधी अहमदिया मोहल्ला के एरिया में भी इसको चक्कर लगाते देखा गया। पिछले 3 दिनों से यह इस इलाके पर चक्कर लगाने की तीसरी घटना है।
एक संस्था ने इस बारे पुलिस को सूचित किया। इस पर ए.एस.आई. बलविन्द्र सिंह सुक्खा अपनी टीम के साथ अहमदिया मोहल्ला पहुंचे तथा ड्रोन का पता लगाने के लिए छानबीन की। उन्होंने बताया कि पुलिस की विभिन्न टीमें बना दी गई हैं और वे इस बात का पता लगा रही हैं कि यह ड्रोन कहां से उड़ाया जा रहा है। वैसे यह ड्रोन की जगह जहाज प्रतीत होता है।
कादियां थाने के एस.एच.ओ. बलकार सिंह ने बताया कि उन्होंने ड्रोन विभाग से इस बारे में सम्पर्क किया है। ड्रोन अधिक से अधिक 300 फुट तक की ऊंचाई तक जा सकता है जबकि शहर में जो उड़ती हुई वस्तु दिखाई दी है वह काफी ऊंचाई पर उड़ रही थी। दूसरी ओर स्थानीय एजैंसियां भी जांच में जुट गई हैं।