Edited By Subhash Kapoor,Updated: 18 Jul, 2023 09:24 PM
कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी में एक 10 वर्षीय बच्चे के कत्ल का मामला सामने आया है।
कपूरथला : कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी में एक 10 वर्षीय बच्चे के कत्ल का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गत सोमवार को लापते हुए बच्चे का शव गुरुद्वारा श्री बेर साहिब के करीब एक किलोमीटर दूर बेईं से बरामद हुआ है। मृतक बच्चे की पहचान 10 वर्षीय करणबीर सिंह निवासी गांव सरुपवाल हाल निवासी ज्वाला सिंह नगर के तौर पर हुई है। दरअसल गत दिवस गुरुद्वारा साहिब के पास से उक्त बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया था, जिसकी जांच करने पर उसे एक महिला के साथ सी.सी.टी.वी. फुटेज में देखा गया था। उसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में थी। वहीं आज उक्त बच्चे की लाश मिलने से इलाके में खौफ फैल गया है तथा वहीं परिवार में कोहराम मच गया है।
वहीं पुलिस ने उक्त महिला को भी काबू कर लिया है, जिसकी पहचान राजवीर कौर निवासी ज्वाला सिंह नगर के तौर पर हुई है। महिला ने पूछताछ दौरान कबूला है कि उसके करणबीर सिंह के चाचा से अवैध संबंध थे, जबकि करणबीर के पिता अंग्रेज सिंह व माता चरणजीत कौर रोकते थे। वह चाहती थी कि यह परिवार शहर से वापस गांव चला जाए। इसी रंजिश में करणबीर सिंह के चाचा व उसने बच्चे का कत्ल कर दिया। डीएसपी के अनुसार दोनों को हिरासत में ले लिया गया है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।