Edited By Kamini,Updated: 20 Nov, 2026 06:35 PM

जिले में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया हुआ है।
फाजिल्का (कृष्ण): जिले में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया हुआ है। डिप्टी कमिश्नर अमरप्रीत कौर संधू के निर्देशों पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी हरजिंदर सिंह ने विभिन्न गांवों में खेतों का निरीक्षण कर पराली प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पराली को आग लगाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चेकिंग अभियान के तहत गांव चुवाड़ियां वाली, अभुन, पूर्ण पट्टी, चकवन वाला, खरास वाली ढाणी, पेंचा वाली, लालो वाली और जोड़की अंधेवाली में खेतों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान गांव अभुन में किसानों को पराली जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण और पर्यावरण को पहुंचने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया गया। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि गांव अभुन में किसानों ने पराली की गांठें बनवाकर खेतों में अगली फसल की बिजाई कर सराहनीय पहल की है। हालांकि, कुछ स्थानों पर पराली के बचे हुए अवशेष (नाड़) को आग लगाई जा रही थी। प्रशासनिक टीम ने थाना सदर पुलिस के कर्मचारियों, नोडल अधिकारी और कलस्टर अधिकारी के सहयोग से मौके पर पहुंचकर आग बुझवाई और किसानों को भविष्य में ऐसा न करने के लिए जागरूक किया।
अधिकारी हरजिंदर सिंह ने कहा कि डिप्टी कमिश्नर के स्पष्ट निर्देश हैं कि पराली जलाने का कोई भी मामला सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा जरूरत पड़ने पर मामला दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के अधिकतर किसान प्रशासन के जागरूकता अभियान में सहयोग करते हुए पराली जलाने से परहेज कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पराली की गांठें तैयार करवाने के लिए किसानों के साथ-साथ औद्योगिक इकाइयों, बिजली प्लांटों और गत्ता फैक्ट्रियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। तैयार गांठों का विभिन्न कार्यों में उपयोग किया जा रहा है, जिससे खेतों में पराली जलाने की नौबत नहीं आती। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली को आग लगाने की बजाय उसका उचित प्रबंधन करें। पराली जलाने से जहां वातावरण प्रदूषित होता है, वहीं मिट्टी की उपजाऊ शक्ति और मित्र कीटों को भी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की टीमें लगातार गांवों और खेतों में निगरानी कर रही हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here