Edited By Subhash Kapoor,Updated: 26 Nov, 2023 09:24 PM

गन्ने के रेट को लेकर जालंधर हाईवे व रेलवे ट्रैक जाम करने के मामले में किसानों पर कड़ा एक्शन लिया गया है।
जालंधर : गन्ने के रेट को लेकर जालंधर हाईवे व रेलवे ट्रैक जाम करने के मामले में किसानों पर कड़ा एक्शन लिया गया है। दरअसल ट्रेन रोकने वाले 350 किसानों पर FIR की गई है, जबकि 2 किसानों को नामजद किया गया है। बता दें कि 24 नवम्बर को गन्ने के रेट बढ़ाने को लेकर किसानों ने जालंधर-लुधियाना हाईवे जाम करने के बाद रेलवे ट्रैक को भी जाम कर दिया था, जिसके चलते 182 रेलगाडियां प्रभावित हुई थीं। इसी संबंध में रेलवे विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब 350 किसानों पर केस दर्ज किया है। रेलवे विभाग की शिकायत में RPF थाने में 2 नामजद और 348 किसानों को आरोपी बनाया गया है। इसकी पुष्टि RPF थाना जालंधर के इंचार्ज अशोक कुमार ने की है। इंचार्ज अशोक कुमार ने बताया कि आई.पी.सी. की धारा 147 और 174 ए के तहत उक्त किसानों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल अभी तक किसी किसान की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जिक्रयोग्य है कि गत 23 नवम्बर को गन्ने के रेट को लेकर पंजाब भर के किसानों ने जालंधर-लुधियाना हाईवे पर मोर्चा खोल दिया था, जिसके दूसरे दिन किसानों ने रेलवे ट्रैक को भी जाम कर दिया था, जिसके चलते रेलवे विभाग द्वारा कई ट्रेनें रद्द करनी पड़ी थीं। इसी संबंध में रेलवे ने आर.पी.एफ. थाने में शिकायत देकर करीब 350 किसानों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है।