Edited By Urmila,Updated: 31 Dec, 2023 01:14 PM
एक महिला सब इंस्पैक्टर, एक ए.एस.आई. समेत 3 से 4 पुलिस कर्मी उसे मेडिकल करवाने के लिए सिविल अस्पताल लाए थे।
खन्ना: सिविल अस्पताल में मेडिकल के दौरान चोरी का आरोपी पुलिस टीम को चकमा देकर हथकड़ी खोल भाग गया और पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस ने तत्परता से उसे 2 घंटे में आजाद नगर से काबू कर लिया। जब आरोपी साहिल भागा तब एक महिला सब इंस्पैक्टर, एक ए.एस.आई. समेत 3 से 4 पुलिस कर्मी उसे मेडिकल करवाने के लिए सिविल अस्पताल लाए थे। आरोपी सिविल अस्पताल के पीछे वाले छोटे गेट से भागकर बाजारों से निकल गया। सी.सी.टी.वी. में उसकी भागते हुए फुटेज कैद हुईं, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी बड़ी फुर्ती से दौड़ा पर उसके पीछे पुलिस की रफ्तार सुस्त थी, जिससे उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिली।
इसके बाद डी.एस.पी. राजेश कुमार, सिटी थाना एस.एच.ओ. हेमंत मल्होत्रा समेत सी.आई.ए. स्टाफ व स्पैशल ब्रांच की टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं। सिटी थाना पुलिस ने नंदी कालोनी के एक घर में चोरी के केस में साहिल व राजा को गिरफ्तार किया था। दोनों रिमांड पर चल रहे हैं। इसी बीच शनिवार को साहिल, राजा समेत एक अन्य मामले के आरोपी को मेडिकल के लिए सिविल अस्पताल लाया गया था। साहिल व राजा को हथकड़ी लगाई गई थी। साहिल ने किसी तरह हथकड़ी खोली और भाग निकला। कुछ समय पहले भी सिविल अस्पताल में ऐसी घटना हुई थी, जिसमें चोरी के आरोपी काशी को मेडिकल के लिए लाया गया तो वह हथकड़ी समेत भाग गया था। 2 से 3 घंटे की कड़ी मशक्कत कर उसे मोहल्ले से गिरफ्तार किया गया था। इसी प्रकार एक महिला आरोपी भी पुलिस की हिरासत से भाग गई थी, जिसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
दूसरी ओर एस.एस.पी. अमनीत कौंडल के दिशा-निर्देशों पर एस.एच.ओ. सिटी हेमंत मल्होत्रा ने अपनी टीम समेत 2 घंटे में साहिल को काबू कर उसके खिलाफ अलग से एक और केस दर्ज किया है। एस.एच.ओ. मल्होत्रा ने बताया कि आरोपी को आजाद नगर से गिरफ्तार किया गया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here