Edited By Vatika,Updated: 04 Aug, 2018 06:36 PM
उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने कहा कि नई इंडस्ट्रीयल पॉलिसी में पहली बार पंजाब में लॉजिस्टिक को प्रफुल्लित करने हेतु इंडस्ट्री का दर्जा दिया गया है, और जिला लुधियाना में 3 मैगा लॉजिस्टिक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं।
लुधियाना(बहल/ रिंकू): उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने कहा कि नई इंडस्ट्रीयल पॉलिसी में पहली बार पंजाब में लॉजिस्टिक को प्रफुल्लित करने हेतु इंडस्ट्री का दर्जा दिया गया है, और जिला लुधियाना में 3 मैगा लॉजिस्टिक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं।
ये मैगा लॉजिस्टिक पार्क ग्राम किला रायपुर में बनेंगे, जिनमें अडानी समूह का मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क, पंजाब लॉजिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर लि. व पंजाब स्टेट वेयर हाऊसिंग कॉर्पोरेशन के लॉजिस्टिक पार्क शामिल हैं। ये शब्द आज स्थानीय होटल में पंजाब लॉजिस्टिक्स कॉन्क्लेव-2018 के आयोजन मौके पर उद्योग मंत्री अरोड़ा ने कहे।
मंत्री ने कहा कि इन लॉजिस्टिक पार्कों के स्थापित होने से औद्योगिक शहर लुधियाना के अलावा जालंधर, अमृतसर, बठिंडा, संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब व होशियारपुर के उद्योगों की लॉजिस्टिक जरूरतें पूरी होंगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने लॉजिस्टिक सैक्टर के लिए एक स्पैशल सैल का भी गठन किया है। पंजाब सरकार ने उद्योगों को कलस्टर बनाने के लिए आरक्षित कीमतों पर जमीन उपलब्ध करवाने हेतु लैंड बैंक भी स्थापित किया है। पंजाब में अब तक 25 कलस्टर मंजूर हो चुके हैं। इसके अलावा 2 अन्य कलस्टर भी मंजूर हुए हैं, जिनमें से एक लुधियाना का ऑयल एक्सपेलर एंड पार्ट्स कलस्टर भी शामिल है।