Edited By Subhash Kapoor,Updated: 16 Feb, 2023 12:01 AM

पढ़ाई के लिए भारत आई एक विदेशी छात्रा के साथ खन्ना में विदेशी छात्र द्वारा दुष्कर्म किया गया।
खन्ना : पढ़ाई के लिए भारत आई एक विदेशी छात्रा के साथ खन्ना में विदेशी छात्र द्वारा दुष्कर्म किया गया। फ्लैट में शरण देने के बहाने इस छात्रा से दुष्कर्म किया गया। अनजान छात्रा ने दिल्ली पहुंचकर अपने रिश्तेदार को यह बात बताई तो वहां दिल्ली पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई गई। दिल्ली पुलिस ने मामले की संगीनता को देखते हुए खन्ना के एस.एस.पी. को इसकी रिपोर्ट भेजी और यहां पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान कारलिस टी दाहन के तौर पर हुई।
इस बारे में लेडी इंस्पैक्टर राज परविंदर कौर ने बताया कि दिल्ली पुलिस को छात्रा ने अपने बयान दर्ज कराए हैं कि वह दो महीने पहले भारत पढ़ने आई थी और वह गुलजार कालेज लिबड़ा में शिक्षा ले रही है। उपरोक्त आरोपी जिसके फ्लैट में वह रुकी थी ने 3 फरवरी 2023 को उसके साथ दुष्कर्म करते हुए किसी को बताने या शिकायत दर्ज करने की सूरत में उसे मार देने की धमकी दी थी। शहर में अनजान शिकायतकर्त्ता ने दिल्ली जाते हुए अपने रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी क्योंकि वह खन्ना में किसी को नहीं जानती थी और न ही कभी वह पुलिस स्टेशन गई थी।
वहीं दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस की तरफ से जीरो नंबर एफ.आई.आर. भेजने के बाद खन्ना पुलिस तुरंत एक्शन में आई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया जिसे माननीय अदालत में पेश करते हुए अदालत के आदेशों पर जेल भेज दिया गया।