Ludhiana में चोरी की बड़ी वारदात, हौजरी फैक्ट्री से करोड़ों का माल चोरी..इलाके में दहशत का माहौल

Edited By Kamini,Updated: 14 Nov, 2026 04:54 PM

theft incident in hosiery factory

वारदात को अंजाम देने के लिए गिरोह के करीब एक दर्जन सदस्य देर रात बोलेरो और टाटा-407 जैसी दो गाड़ियों के साथ पहुंचे थे।

लुधियाना (राज) : लुधियाना में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। ताजपुर रोड के साथ लगते पुनीत नगर इलाके में शातिर चोरों के एक बड़े गिरोह ने त्योहारी छुट्टियों का फायदा उठाते हुए एक हौजरी फैक्ट्री को निशाना बनाकर करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के तैयार माल पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के लिए गिरोह के करीब एक दर्जन सदस्य देर रात बोलेरो और टाटा-407 जैसी दो गाड़ियों के साथ पहुंचे थे।

बेखौफ बदमाश न केवल सर्दियों का तैयार हौजरी माल समेट ले गए, बल्कि जाते समय परिसर में लगे एयर कंडीशनर और मशीनों के महंगे उपकरण भी खोलकर साथ ले गए। थाना टिब्बा की पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में फैक्ट्री मालिक रोहन ने बताया कि दीपावली के पावन अवसर पर उन्होंने अपनी फैक्ट्री में पारंपरिक पूजन संपन्न किया था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के बाद वे घर लौट गए थे। अगले दिन विश्वकर्मा पूजा का अवकाश होने के कारण फैक्ट्री पूरी तरह बंद रही। जब वे भैया दूज के दिन नियमित कामकाज शुरू करने के उद्देश्य से फैक्ट्री पहुंचे, तो मेन गेट के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो गोदाम और वर्कशॉप पूरी तरह खाली हो चुके थे।  

फैक्ट्री में आगामी सीजन के लिए तैयार किया गया सर्दियों का सारा स्टॉक गायब था। आसपास की इमारतों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर इस सुनियोजित चोरी की कई चौंकाने वाली परतें खुली हैं, फुटेज के अनुसार, बुधवार मध्यरात्रि करीब 2 बजे संदिग्धों का यह दल फैक्ट्री के बाहर एकत्र हुआ। सबसे पहले एक युवक ने बांस की लंबी बल्ली के सहारे फैक्टरी की ऊंची चारदीवारी लांघी। छत के रास्ते भी किसी कम उम्र के लड़के या बच्चे को अंदर उतारे जाने की प्रबल आशंका है, क्योंकि ऊपरी हिस्से में छोटे पंजों के निशान पाए गए हैं। 

अंदर दाखिल हुए बदमाशों ने सबसे पहले मेन गेट और भीतरी दरवाजों के ताले तोड़े। रास्ता साफ होते ही बाहर खड़ी बोलेरो और टाटा-407 गाड़ियों को अन्य साथियों समेत सीधा फैक्टरी परिसर के अंदर बुला लिया गया और आराम से माल लोड किया गया। पकड़े जाने और सबूत नष्ट करने की नीयत से शातिर चोर फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों का रिकॉर्डिंग बॉक्स भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। हालांकि, समीप की एक अन्य इमारत में लगे कैमरे में माल से लदे दोनों वाहन फैक्ट्री से निकलते हुए कैद हो गए हैं। इसके अलावा, जल्दबाजी में भागते समय बदमाश अपने कुछ औजार और उपकरण घटनास्थल पर ही छोड़ गए हैं, जिन्हें पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।

किसी भेदी की मिलीभगत की आशंका, स्थानीय मंडियों में बिक रहा माल

पीड़ित कारोबारी रोहन ने गहरा संदेह व्यक्त किया है कि इस बड़ी सेंधमारी के पीछे किसी परिचित या अंदरूनी व्यक्ति की मिलीभगत हो सकती है, जिसे फैक्ट्री के लगातार 2 दिनों तक बंद रहने और भीतर रखे करोड़ों के माल की सटीक जानकारी थी। उन्होंने यह भी दावा किया है कि उनकी इकाई से उड़ाया गया माल अब स्थानीय बाजारों और मंडियों में खपाया जा रहा है। फिलहाल थाना टिब्बा पुलिस ने मौके से बरामद औजारों और पड़ोसी कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्ध वाहनों के पंजीकरण नंबरों की पहचान शुरू कर दी है, ताकि जल्द ही पूरे गिरोह को बेनकाब कर माल बरामद किया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!