Edited By Punjab Kesari,Updated: 24 Aug, 2017 11:27 AM
जिले में डेंगू के बाद अब स्वाइन फ्लू भी अपने पैर पसार रहा है। गत रात्रि नवांशहर के गांव रक्कड़ा ढाहा निवासी महिला की डी.एम.सी. लुधियाना में
नवांशहर (मनोरंजन): जिले में डेंगू के बाद अब स्वाइन फ्लू भी अपने पैर पसार रहा है। गत रात्रि नवांशहर के गांव रक्कड़ा ढाहा निवासी महिला की डी.एम.सी. लुधियाना में मौत हो गई। महिला की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। वह 7 महीने से गर्भवती थी। महिला की मौत के बाद इलाके में भय का माहौल है।
सिविल अस्पताल के एस.एम.ओ. डा. हरविंद्र सिंह व मैडीकल अफसर डा. गुरपाल कटारिया ने बताया कि गांव रक्कड़ा ढाहा की रहने वाली महिला 3 दिन पहले नवांशहर के एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती हुई थी। इसके बाद प्राइवेट अस्पताल की ओर से स्वास्थ्य विभाग को महिला को स्वाइन फ्लू होने संबंधी सूचना दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उक्त महिला के खून का सैंपल लेकर चंडीगढ़ भेजा गया। वहां से उसे स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई। परिवार वाले महिला को उपचार के लिए डी.एम.सी. लुधियाना ले गए, जहां कल देर रात उसकी मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार जब इस संबंध में डी.एम.सी. लुधियाना के डाक्टरों को पता चला तो मृतका के डिब्बाबंद शव को सिविल अस्पताल नवांशहर की मोर्चरी में रात को भेजा गया। बताया जाता है कि यह वायरस आगे न फैले, इसी के चलते स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अपनी निगरानी में सुबह 6 बजे ही गांव रक्कड़ा ढाहा में मृतका का संस्कार करवा दिया ताकि वहां इकट्ठे हुए लोग किसी तरह के इन्फैक्शन की चपेट में न आ सकें।