लुधियाना में महिला जेबकतरा गिरोह बेनकाब, रंगे-हाथ दबोची 2 शातिर महिलाएं...

Edited By Vatika,Updated: 18 Nov, 2026 03:47 PM

robbery at ludhiana

महानगर में ऑटो और ई-रिक्शा में सफर करने वाली सवारियों खासकर महिलाओं को निशाना बनाने वाला एक शातिर जेबकतरा गिरोह सक्रिय है...

लुधियाना (राज): महानगर में ऑटो और ई-रिक्शा में सफर करने वाली सवारियों खासकर महिलाओं को निशाना बनाने वाला एक शातिर जेबकतरा गिरोह सक्रिय है, जिसमें महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। ताजा मामले में बस्ती जोधेवाल इलाके में दो बहनों की सूझबूझ और सतर्कता के चलते इस गिरोह की दो शातिर महिलाओं को रंगेहाथ दबोच लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरोह की महिलाएं बैंकों के बाहर खड़े होकर पैसे निकालने वाले लोगों पर पैनी नजर रखती हैं और फिर उनके साथ ऑटो या ई-रिक्शा में सवार होकर बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम देती हैं।

पीड़ित महिला ने बताया कि वह मूल रूप से अमृतसर की रहने वाली है और अपनी बहन के साथ बस्ती जोधेवाल के नजदीक स्थित एक बैंक में पैसे निकालने आई थी। जब दोनों बहनें बैंक के अंदर जा रही थीं, तो ये दोनों आरोपी महिलाएं बाहर ही खड़ी होकर रेकी कर रही थीं। जैसे ही वे दोनों बहनें बैंक से नकदी निकालकर बाहर आईं और सवारी का इंतजार करने लगीं, तो दोनों आरोपी महिलाएं भी आकर ठीक उनके पीछे खड़ी हो गईं। जब दोनों बहनें घर जाने के लिए एक ई-रिक्शा में सवार हुईं, तो उसमें जगह न होने के बावजूद दोनों शातिर महिलाएं जबरन उसमें चढ़ गईं। मना करने पर उन्होंने बहाना बनाया कि उन्हें बस थोड़ा आगे तक ही जाना है। पीड़िता ने बताया कि ई-रिक्शा के चलते ही उनमें से एक आरोपी महिला ने बड़ी सफाई से ब्लेड मारकर उसका पर्स काट दिया। समय रहते पर्स कटने का आभास होते ही पीड़िता ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत आरोपी महिला का हाथ दबोच लिया।

पकड़े जाने के डर से आरोपी महिला ने हाथ में पकड़ा ब्लेड तुरंत ई-रिक्शा से बाहर सड़क पर फेंक दिया। पीड़िता के शोर मचाने पर तुरंत ई-रिक्शा रुकवाया गया और मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों की मदद से दोनों महिलाओं को काबू कर बस्ती जोधेवाल चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के हवाले कर दिया गया। तलाशी के दौरान ब्लेड पहले ही फेंक दिए जाने के कारण उनके पास से कोई हथियार या नकदी बरामद नहीं हुई। पकड़े जाने पर दोनों महिलाओं ने पर्स काटने की कोशिश करने की बात कबूल कर ली और बताया कि वे रेलवे स्टेशन से लेकर बस्ती जोधेवाल के बीच चलने वाले ऑटो और ई-रिक्शा में इसी तरह सवारियों के पर्स काटकर नकदी व कीमती सामान उड़ाती हैं। उधर, थाना बस्ती जोधेवाल के जांच अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपी महिलाओं ने सवारी का पर्स काटने की कोशिश की थी, लेकिन सतर्कता के कारण वे पैसे निकालने में कामयाब नहीं हो सकीं। हालांकि पीड़ित महिला बिना कोई लिखित शिकायत दिए वहां से चली गई, लेकिन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपी महिलाओं को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे सख्ती से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और शहर में हुई पिछली जेबकतरी की वारदातों का सुराग लगाने में जुटी है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!