Edited By Vatika,Updated: 17 Nov, 2026 01:31 PM

जीरकपुर के रहने वाले जितेंद्र शर्मा के लिए इस बार की दिवाली खुशियों का बड़ा तोहफा लेकर आई।
जीरकपुर: जीरकपुर के रहने वाले जितेंद्र शर्मा के लिए इस बार की दिवाली खुशियों का बड़ा तोहफा लेकर आई। दिवाली के दिन पत्नी के साथ शौक-शौक में खरीदे गए दो लॉटरी टिकटों में से एक ने उनकी किस्मत चमका दी। 16 नवंबर को लॉटरी संचालकों का फोन आया तो उन्हें पता चला कि उन्होंने 50 लाख रुपये का इनाम जीता है।
जितेंद्र शर्मा ने बताया कि दिवाली के दिन रिश्तेदारों को शुभकामनाएं देने के बाद वह पत्नी के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने शौक के तौर पर लॉटरी के दो टिकट खरीद लिए थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि इनमें से एक टिकट उनकी जिंदगी में इतनी बड़ी खुशखबरी लेकर आएगा। 16 नवंबर को जब लॉटरी दुकान के संचालकों ने फोन कर 50 लाख रुपये का इनाम निकलने की जानकारी दी तो पहले उन्हें इस बात पर यकीन नहीं हुआ। बाद में जब इसकी पुष्टि हुई तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। खुशखबरी मिलने के बाद जितेंद्र सबसे पहले घर पहुंचे और पूजा-अर्चना की।
इसके बाद जब वह लॉटरी की दुकान पर पहुंचे तो वहां ढोल बजाकर उनका जोरदार स्वागत किया गया। जितेंद्र शर्मा ने बताया कि उनके परिवार में माता-पिता और दो बेटे हैं। वह इनाम की राशि का इस्तेमाल दोनों बच्चों की पढ़ाई, माता-पिता की देखभाल और परिवार का भविष्य बेहतर बनाने के लिए करेंगे। इसके साथ ही वह समाजसेवा के कार्यों में भी इस रकम से योगदान देना चाहते हैं।