Edited By Punjab Kesari,Updated: 06 Oct, 2017 09:32 AM
गुरदासपुर लोकसभा उपचुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी स्वर्ण सलारिया के पक्ष में विधानसभा क्षेत्र कादियां के धारीवाल, कादियां, भैणी मीयां खान व काहनूवान......
कादियां/ गुरदासपुर) (विनोद): गुरदासपुर लोकसभा उपचुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी स्वर्ण सलारिया के पक्ष में विधानसभा क्षेत्र कादियां के धारीवाल, कादियां, भैणी मीयां खान व काहनूवान में आयोजित चुनावी रैलियों में भारी उपस्थिति को शिरोमणि अकाली दल के प्रधान व पूर्व मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री विजय सांपला, पूर्व मंत्री सेवा सिंह सेखवां, लोकसभा सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा व स्वर्ण सलारिया ने संबोधित किया।
सुखबीर बादल ने कहा कि गत विधानसभा चुनाव दौरान किए गए वायदों को भुला देने वाली कैप्टन सरकार की कार्यशैली को सुधारने के लिए उसे एक झटका देना जरूरी है और यह झटका वर्तमान उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को बड़ी गिनती से वोटों के अंतर से हराकर ही दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले ही कैप्टन यह ऐलान कर चुके हैं कि वह इसके बाद कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे तथा राजनीति से सन्यास ले लेंगे। जिस व्यक्ति ने राजनीति सन्यास ले लेना हो, उससे किसी भी नेक कार्य की उम्मीद नहीं की जा सकती।
रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार व पंजाब की पूर्व अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार ने इस राज्य में विकास कार्यों की झड़ी लगा दी थी। केन्द्र में मोदी सरकार के गठन के पश्चात भारत का सिर पूरे विश्व में ऊंचा हुआ है। आज जापान हमें नई तकनीक प्रदान कर रहा है। केन्द्र सरकार द्वारा जो किया गया, वह सब कांग्रेस सरकार पिछले 70 वर्षों में नहीं कर पाई।
सांपला ने जनसमूह को विश्वास दिलाया कि गठबंधन प्रत्याशी स्वर्ण सलारिया न केवल उन सभी कार्यों को पूरा करवाएंगे, जिन्हें निवर्तमान सांसद स्व. विनोद खन्ना ने शुरू किया था बल्कि शेष बचे कार्यों को भी शुरू करवाकर आम जनता को राहत दिलाएंगे। पूर्व मंत्री सेवा सिंह सेखवां ने कहा कि गठबंधन सरकार दौरान उनके हलके में 250 नौजवानों को आई.टी.आई. में नौकरी दी गई थी, जिनकी भर्ती पूरी तरह नियमों के तहत की गई थी, परन्तु कैप्टन सरकार ने सत्ता में आते ही उन नौजवानों को नौकरी से निकाल दिया।
लोकसभा सदस्य प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने कहा कि धारीवाल की बंद पड़ी मिल को पुन: शुरू करवाने के लिए हलके की बागडोर गठबंधन के प्रत्याशी स्वर्ण सलारिया को सौंपने की जरूरत है। स्वर्ण सलारिया ने कहा कि कांग्रेस हमेशा ही लोगों के जज्बात से खेलती आई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव दौरान कांग्रेस ने बेरोजगार नौजवानों को नौकरी या बेरोजगारी भत्ता व स्मार्ट फोन आदि देने का लालच देकर उनके जज्बातों से खिलवाड़ किया। कांग्रेस की ऐसी करतूतों का जवाब गुरदासपुर की जनता इस लोकसभा उपचुनाव में जरूर देगी।