Edited By Vatika,Updated: 01 Sep, 2026 04:37 PM

जीरकपुर के बिशनपुरा इलाके में पड़ती दशमेश नगर कॉलोनी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।
जीरकपुर: जीरकपुर के बिशनपुरा इलाके में पड़ती दशमेश नगर कॉलोनी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक मकान से 35 वर्षीय महिला की खून से लथपथ लाश मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, महिला पर तेजधार हथियार और चाकू से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए। पुलिस की ओर से मकान और आसपास के इलाके की भी बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान पूनम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका अपने पहले पति के साथ पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते पुलिस को शक है कि महिला की हत्या उसके पहले पति ने की हो सकती है।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद संदिग्ध मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए टीमें लगा दी हैं। साथ ही हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। वहीं, पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों से जुड़ी और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वजह, वारदात में इस्तेमाल हथियार और फरार संदिग्ध की तलाश को लेकर कार्रवाई जारी है।