Edited By Urmila,Updated: 14 Nov, 2026 02:22 PM

स्मार्ट सिटी के बड़े-बड़े दावों और करोड़ों रुपये के सफाई टेंडरों की हकीकत आज उस वक्त बेनकाब हो गई
लुधियाना (विक्की) : स्मार्ट सिटी के बड़े-बड़े दावों और करोड़ों रुपये के सफाई टेंडरों की हकीकत आज उस वक्त बेनकाब हो गई जब पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु की पत्नी और पूर्व पार्षद ममता आशु खुद शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक जवाहर नगर मुख्य मार्ग पर लगे कूड़े के विशाल ढेर के बीच जा खड़ी हुईं। सोशल मीडिया पर एक लाइव वीडियो जारी कर उन्होंने न केवल नगर निगम की चरमराई सफाई व्यवस्था और ठप पड़े सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम की पोल खोली, बल्कि मौजूदा सरकार, मेयर और स्थानीय पार्षद की कार्यप्रणाली पर भी तीखे प्रहार किए। शहर की आबोहवा में घुलते जहर और सड़कों पर लग रहे जाम को लेकर उन्होंने नवनियुक्त निगम कमिश्नर से हाथ जोड़कर गुहार लगाई है कि वे कागजी दावों से बाहर निकलकर तुरंत इस गंदगी से निजात दिलाएं।
वीडियो में आशु ने जवाहर नगर मार्केट चौक के पास स्थित मुख्य मार्ग की दुर्दशा दिखाते हुए कहा कि पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु के कार्यकाल में इस इलाके को साफ-सुथरा रखने के लिए यहां कूड़ा कॉम्पैक्टर लगवाया गया था। लेकिन आज हालात यह हैं कि कॉम्पैक्टर पूरी तरह बंद पड़े हैं। सफाई कर्मचारियों द्वारा रेहड़ियों से लाया जा रहा सारा कचरा खुले में सड़क पर ही फेंका जा रहा है। इसके चलते मुख्य सड़क की एक लेन पूरी तरह ब्लॉक हो चुकी है और कूड़ा फैलकर सड़क की दूसरी तरफ तक आ गया है, जिससे पूरे इलाके का ट्रैफिक एक ही संकरी लेन पर डायवर्ट हो रहा है।
मेयर और स्थानीय पार्षद पर तीखा तंज
ममता आशु ने नगर निगम के मेयर और सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रशासन मैकेनिकल स्वीपिंग और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के बड़े-बड़े टेंडर लगाने के दावे तो कर रहा है, लेकिन वार्डों से कूड़े के ढेर तक नहीं उठवाए जा रहे हैं। उन्होंने स्थानीय पार्षद को भी आड़े हाथों लेते हुए तंज कसा कि शायद उनका घर यहां से थोड़ा दूर है, इसलिए उन्हें यह गंदगी दिखाई नहीं दे रही, जबकि इसी पर पूरे क्षेत्र की आबोहवा निर्भर करती है।
नवनियुक्त निगम कमिश्नर से हाथ जोड़कर अपील
वीडियो के माध्यम से ममता आशु ने हाल ही में कार्यभार संभालने वाले नगर निगम कमिश्नर से हाथ जोड़कर अपील की। उन्होंने कहा कि कमिश्नर साहब ने चार्ज संभालते ही शहर को स्वच्छ रखने का बयान दिया था, इसलिए वे प्राथमिकता के आधार पर इस कूड़े को जल्द से जल्द उठवाएं ताकि सड़क की दूसरी लेन भी जाम न हो।
सोशल मीडिया पर प्रचार बनाम जमीनी हकीकत
ममता आशु ने लुधियाना के निवासियों और आसपास के नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे कम से कम अपने पार्षद के कानों तक यह बात पहुंचाएं ताकि इस समस्या का समाधान हो सके। अंत में सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बड़ी-बड़ी बातें करना, दावे करना और फेसबुक व सोशल मीडिया पर पोस्ट डालना अलग बात है, लेकिन जमीनी हकीकत पर काम करना इन लोगों के लिए बहुत मुश्किल है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here