Edited By Vatika,Updated: 25 Nov, 2026 09:19 AM

महानगर में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने एक युवक पर बेहद क्रूर
लुधियाना (राज): महानगर में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने एक युवक पर बेहद क्रूर और जानलेवा हमला कर इंसानियत को दहला दिया है। हमलावरों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए युवक की न केवल दोनों टांगें, दांत और मुंह की हड्डियां तोड़ दीं, बल्कि उसकी बाईं आंख तक निकाल दी। गंभीर रूप से घायल युवक गुरप्रीत सिंह इस समय डी.एम.सी. अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घायल के पिता परमजीत सिंह के बयानों के आधार पर संबंधित थाना पुलिस ने 3 नामजद और 6-7 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास (जानलेवा हमला) की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए गए बयानों में शिकायतकर्ता परमजीत सिंह ने बताया कि बीती 21 नवंबर को हमलावरों ने उसके बेटे गुरप्रीत सिंह को इंडियन बैंक ए.टी.एम. के सामने, इम्प्रूवमेंट फ्लैट्स के नजदीक घेर लिया। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से गुरप्रीत सिंह पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसे बेरहमी से पीटा। हमलावरों की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मारपीट के दौरान उन्होंने उनके बेटे की दोनों टांगें तोड़ दीं, उसके दांत तोड़ दिए, मुंह की हड्डियां तोड़ दीं और बेरहमी से वार करते हुए उसकी बाईं आंख तक निकाल दी।वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर युवक को अधमरा छोड़कर मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल गुरप्रीत सिंह को तुरंत इलाज के लिए डी.एम.सी. अस्पताल, लुधियाना में भर्ती करवाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।|
पीड़ित पिता परमजीत सिंह के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर संबंधित थाना दुगरी की पुलिस ने अमित, शुभम, गुरु और उनके आधा दर्जन साथियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने की संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए नामजद व फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।