बंद पड़े निजी स्कूल में चल रहे अवैध नशा मुक्ति केंद्र का पर्दाफाश, मरीजों को करवाया रेस्क्यू

Edited By Kalash,Updated: 19 Nov, 2026 02:20 PM

illegal de addiction center

सीमावर्ती जिला तरनतारन में अवैध रूप से चलाए जा रहे नशा मुक्ति केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग और पुलिस द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान गांव जंड में एक बंद पड़े निजी स्कूल की इमारत में चल रहे कथित गैर-कानूनी नशा मुक्ति केंद्र का पर्दाफाश हुआ...

तरनतारन (रमन): सीमावर्ती जिला तरनतारन में अवैध रूप से चलाए जा रहे नशा मुक्ति केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग और पुलिस द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान गांव जंड में एक बंद पड़े निजी स्कूल की इमारत में चल रहे कथित गैर-कानूनी नशा मुक्ति केंद्र का पर्दाफाश हुआ है।

छापेमारी के दौरान केंद्र में बेहद खराब और अमानवीय परिस्थितियों में रखे गए नशे के आदी 23 मरीजों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सहायक सिविल सर्जन डॉ. जसप्रीत सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ड्रग इंस्पैक्टर, तहसीलदार पट्टी बलविंदर शर्मा, मनोरोग विशेषज्ञ डॉक्टर तथा थाना सदर पट्टी की पुलिस के साथ गांव जंड में छापेमारी दौरान सामने आया कि एक बंद पड़े निजी स्कूल की इमारत का इस्तेमाल नशा मुक्ति केंद्र के रूप में किया जा रहा था। जब टीम द्वारा केंद्र चलाने संबंधी आवश्यक लाइसेंस और अन्य कानूनी दस्तावेजों की जांच की गई तो मौके पर कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

आरोप है कि मरीजों के साथ बेरहमी से मारपीट की जाती थी और उन्हें जंजीरों से बांधकर भी रखा जाता था। दूसरी ओर इन मरीजों के परिवारों से प्रति मरीज करीब 20 हजार रुपए मासिक फीस वसूले जाने की बात भी सामने आई है। सहायक सिविल सर्जन डॉ. जसप्रीत सिंह ने बताया कि छापेमारी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने केंद्र में मौजूद सभी 23 मरीजों को गांव ठरू स्थित सरकारी पुनर्वास केंद्र में दाखिल करवाया गया, ताकि विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उचित उपचार किया जा सके। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. संदीप धवन ने बताया कि ऐसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और बिना कानूनी अनुमति के केंद्र चलाने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!