Edited By swetha,Updated: 20 Jan, 2019 04:45 PM
बरनाला में हुई पार्टी की रैली में भगवंत मान ने उनके चंडीगढ़ से टिकट दिए जाने की घोषणा की।
बरनालाः आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनावों के लिए चंडीगढ़ संसदीय चुनाव क्षेत्र से पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन के नाम का ऐलान किया है। हरमोहन धवन भाजपा छोड़कर बीते साल नवम्बर में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। बरनाला में हुई पार्टी की रैली में भगवंत मान ने उनके चंडीगढ़ से टिकट दिए जाने की घोषणा की।
इसलिए छोड़ दी थी भाजपा...
उन्होंने बीते साल 9 नवम्बर को भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को अपना इस्तीफा भेज दिया था। भाजपा को अलविदा कहने का कारण पूछे जाने पर उन्होंने कहा था कि वर्ष 2014 में वह पार्टी टिकट के इच्छुक थे लेकिन उनका टिकट काट कर किरण खेर को दे दिया गया। पार्टी के निर्देश पर उन्होंने तन मन से मेहनत कर खेर को विजयी बनाया। स्वयं खेर ने यह श्रेय उन्हें दिया था। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसक बाद से उन्हें हाशिये पर धकेल दिया गया था। उन्हें पार्टी की किसी बैठक में भी नहीं बुलाया जाता था। ऐसे में वह पार्टी में अपमानित और जलील महसूस कर रहे थे। भाजपा में जिस मान सम्मान की वह उम्मीद करते थे वह उन्हें नहीं मिला। गौरतलब है कि भाजपा सांसद किरण खेर की जीत के बाद से ही हरमोहन धवन की भाजपा नेताओं द्वारा पूरी तरह से अनदेखी की जा रही थी। भाजपा नेता संजय टंडन और सांसद किरण खेर से भी उनकी नहीं बन रही थी।