Punjab की सियासत में ‘गुड्डा गुड्डी’वाली Post ने मचाई हलचल! छिड़ी नई चर्चा

Edited By Vatika,Updated: 05 Oct, 2026 11:16 AM

channi son social media post viral

पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने के बाद सियासी हलचल लगातार जारी है।

चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने के बाद सियासी हलचल लगातार जारी है। इस फैसले के बाद कांग्रेस के अंदर से नए प्रदेश अध्यक्ष के समर्थन में प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के परिवार की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी सियासत को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। चर्चा का केंद्र चन्नी के बेटे रिधमजीत सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट बनी हुई है। उन्होंने चरणजीत सिंह चन्नी की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, गुड्डा गुड्डी ओह जांदे...” जानकारी के मुताबिक, यह पोस्ट 3 अक्टूबर को की गई थी और इसे पंजाब कांग्रेस में हाल ही में हुए प्रदेश अध्यक्ष पद के बदलाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

‘गुड्डा गुड्डी’ शब्दों पर टिका सियासी एंगल
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सियासी एंगल ‘गुड्डा गुड्डी’ शब्दों को लेकर है। दरअसल, पंजाब कांग्रेस की अध्यक्षता को लेकर पिछले कुछ महीनों से चल रही सियासी खींचतान के दौरान कांग्रेस के तत्कालीन पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने भी ‘गुड्डा गुड्डी’ शब्दों का जिक्र किया था। उस समय राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने की मांग और पंजाब कांग्रेस के नेतृत्व में बदलाव को लेकर सवाल उठ रहे थे। बघेल ने कहा था कि यह ‘गुड्डा गुड्डी का खेल’ नहीं है कि फैसले बार-बार बदले जाएं।

अब हालात बदल चुके हैं। राजा वड़िंग पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नहीं रहे। उन्होंने राहुल गांधी को अपना इस्तीफा सौंप दिया था, जिसके बाद परगट सिंह को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। इसी पृष्ठभूमि में चन्नी के बेटे की ओर से ‘गुड्डा गुड्डी’ वाली पोस्ट किए जाने के बाद सियासी हलकों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अरशदीप सिंह खडियाल ने इस मामले पर आम आदमी पार्टी को निशाने पर लेते हुए कहा कि विपक्ष को पंजाब के असली मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी नेता के बेटे की सोशल मीडिया पोस्ट को मुद्दा बनाने के बजाय रोजगार, नशे और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक चर्चा होनी चाहिए।

इसी बीच पूर्व विधायक कुलबीर सिंह जीरा ने भी इस पोस्ट का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने यह पोस्ट देखी है। हालांकि, उन्होंने इस मामले को सीधे तौर पर चरणजीत सिंह चन्नी से जोड़ने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि पोस्ट चन्नी के बेटे ने की है। जीरा ने यह भी कहा कि चन्नी वरिष्ठ नेता हैं और अगर उन्हें लगता है कि उनके बेटे से कोई गलती हुई है तो वह उसे समझा सकते हैं।

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!