जनगणना-2027: मोबाइल उठाएं और खुद करें अपने परिवार की जनगणना, जानें पूरा Process

Edited By Kalash,Updated: 14 Nov, 2026 04:35 PM

census 2027 complete process

डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच जनगणना-2027 में भी आम लोगों की भागीदारी को आसान बनाने के लिए महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि): डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच जनगणना-2027 में भी आम लोगों की भागीदारी को आसान बनाने के लिए महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। अब परिवार के मुखिया को जनगणना कर्मचारियों का इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि वह अपने मोबाइल फोन के माध्यम से घर बैठे ही पूरे परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इससे न केवल लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि जनगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता और समय की बचत भी होगी।

इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन बरनाला ने स्व-गणना अभियान को लेकर जागरूकता मुहिम शुरू कर दी है। प्रिंसिपल सेंसस अधिकारी एवं डिप्टी कमिश्नर अभिजीत कपलिश ने जनगणना जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन 20 नवंबर तक शहर के अलावा जिले के विभिन्न कस्बों और गांवों में जाकर लोगों को ऑनलाइन स्व-गणना के प्रति जागरूक करेगी। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर एवं जिला जनगणना अधिकारी विवेक कुमार मोदी भी मौजूद रहे।

16 नवंबर से खुलेगा ऑनलाइन स्व-गणना का विकल्प

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि 16 से 30 नवंबर 2026 तक नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए राज्य का चयन, कैप्चा, परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर और पसंदीदा भाषा दर्ज करनी होगी। ओटीपी सत्यापन के बाद घर का पूरा पता भरकर डिजिटल नक्शे पर मकान की लोकेशन भी चिन्हित करनी होगी।

11 अंकों का आईडी रखना होगा सुरक्षित

ऑनलाइन प्रश्नावली में मकान और परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी भरकर अंतिम रूप से जमा करने पर 11 अंकों का विशिष्ट स्व-गणना पहचान नंबर जारी होगा। इसे सुरक्षित रखना जरूरी है। जब जनगणना कर्मचारी घर पहुंचेंगे तो परिवार को केवल यह नंबर दिखाना होगा, जिससे पहले से दर्ज जानकारी का सत्यापन करने में आसानी होगी।

1 दिसंबर से शुरू होगा घर-घर सर्वेक्षण

उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे, जबकि 5 से 9 जनवरी तक पुनर्निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्व-गणना सुविधा का लाभ उठाकर राष्ट्रीय जनगणना अभियान में सक्रिय सहयोग दें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!