Edited By Kalash,Updated: 17 Nov, 2026 05:34 PM

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन कल बुधवार, 18 नवंबर 2026 को जालंधर (पंजाब) के एक दिवसीय महत्वपूर्ण प्रवास पर रहेंगे।
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन कल बुधवार, 18 नवंबर 2026 को जालंधर (पंजाब) के एक दिवसीय महत्वपूर्ण प्रवास पर रहेंगे। इस प्रवास के दौरान वे डेरा सचखंड बल्लां में पूजा-अर्चना करेंगे, पार्टी की 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे एवं इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे तथा संत समाज के साथ संवाद भी करेंगे।
जालंधर आगमन के पश्चात वह दोपहर 1:10 बजे जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां के संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज मंदिर जाएंगे और पूजा-अर्चना एवं दर्शन करेंगे। दोपहर 1:35 बजे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जालंधर-पठानकोट जीटी रोड पर डेरा सचखंड बल्लां के समीप स्थित ग्राम रायपुर में ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे एवं इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 2:55 बजे नितिन नबीन ग्राम रायपुर में ही संत समाज के साथ सहभोज और संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।
माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को वर्ष भर चलने वाले राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मना रही है। इस महा अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई 2026 को गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर काशी (उत्तरप्रदेश) से हुआ था। इस अभियान के तहत अबतक लगभग 29,000 ‘कलश वंदना यात्राएं’ निकाली जा चुकी हैं, 30,000 से अधिक संतों से संपर्क किया गया है और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगभग 51,000 स्थानों पर ‘समरस दीप महोत्सव’ आयोजित किए गए हैं।
इसी राष्ट्रव्यापी अभियान को आगे बढ़ाते हुए 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। नबीन द्वारा जालंधर से हरी झंडी दिखाए जाने के बाद यह यात्रा 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली औरउत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी और कुल 2,402 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 3 दिसंबर को काशी में संपन्न होगी। इस यात्रा के दौरान 100 सेअधिक छोटी जनसभाएं और 17 बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी भाग लेकर संत रविदास जी के ‘बेगमपुरा’ (दुख-रहित समाज) और सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here