Edited By Vatika,Updated: 07 Oct, 2026 02:20 PM

पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) के नवनियुक्त CMD गुरकीरत कृपाल सिंह IAS ने कहा
पटियाला: पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) के नवनियुक्त CMD गुरकीरत कृपाल सिंह IAS ने कहा है कि पंजाब में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को मिले गलत बिल तकनीकी खामी के कारण आए हैं। पावरकॉम की टीम इस समस्या को दूर करने में जुटी हुई है और 30 नवंबर तक इसका समाधान कर लिया जाएगा। इसके बाद उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
बिजली बिलों के करीब 2,400 करोड़ रुपये बकाया
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि गलत बिजली बिलों के कारण जिन घरेलू भोक्ताओं ने बिल जमा नहीं करवाए हैं, उनके कनेक्शन काटने पर फिलहाल रोक लगाई गई है। हालांकि, कमर्शियल और इंडस्ट्रियल उपभोक्ताओं के लिए ऐसी कोई रोक नहीं है। इन उपभोक्ताओं से बिलों की वसूली के साथ-साथ बिजली चोरी रोकने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों और संस्थानों की ओर बिजली बिलों के करीब 2,400 करोड़ रुपये बकाया हैं। इनकी वसूली के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। एक अन्य सवाल के जवाब में CMD ने बताया कि कृषि क्षेत्र में किसानों के लिए शुरू की गई स्वैच्छिक लोड घोषणा योजना (VDS) जैसी कोई योजना घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए लागू करने का फिलहाल कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
पंजाब में बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची
उन्होंने कहा कि पावरकॉम नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से बिजली उत्पादन बढ़ाने के प्रयास कर रहा है, लेकिन इसके लिए सबसे बड़ी चुनौती ट्रांसमिशन ढांचे में सुधार करना है। इस दिशा में भी लगातार काम किया जा रहा है। गुरकीरत कृपाल सिंह ने कहा कि इस बार पंजाब में बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची, जिसे पावरकॉम ने पूरा किया। हालांकि, इसके लिए महंगी बिजली भी खरीदनी पड़ी। उन्होंने कहा कि बिजली बिलों की वसूली बढ़ाने के साथ-साथ ट्रांसमिशन घाटे को कम कर पावरकॉम की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। रोपड़ थर्मल प्लांट में 800 मेगावाट के तीन नए यूनिट लगाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके लिए रिपोर्ट तैयार है और आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भविष्य में इन यूनिटों के चालू होने की संभावना है।