Bathinda: शातिर ठग का हैरान करने वाला कारनामा, दो लोगों को एक ही जाल में फंसाया

Edited By Kamini,Updated: 19 Nov, 2026 01:45 PM

bathinda fraud case

शहर में ठगी का एक ऐसा शातिराना मामला सामने आया है, जिसमें ठग ने 40 प्रतिशत सस्ता सामान दिलाने का लालच देकर न केवल एक रेहड़ी संचालक की जेब से 10 हजार रुपए निकलवा लिए, बल्कि एक ई-रिक्शा चालक को भी अपने जाल में फंसाकर उसे अपना मोहरा बना लिया।

बठिंडा (विजय वर्मा):  शहर में ठगी का एक ऐसा शातिराना मामला सामने आया है, जिसमें ठग ने 40 प्रतिशत सस्ता सामान दिलाने का लालच देकर न केवल एक रेहड़ी संचालक की जेब से 10 हजार रुपए निकलवा लिए, बल्कि एक ई-रिक्शा चालक को भी अपने जाल में फंसाकर उसे अपना मोहरा बना लिया। ठग ने इतनी चालाकी से पूरा खेल रचा कि दोनों पीड़ित अलग-अलग खुद को सही समझते रहे, लेकिन जब शिकायत लेकर थाना कोतवाली पहुंचे तो आमने-सामने आने पर खुलासा हुआ कि दोनों को एक ही व्यक्ति ने ठगा है।

मामला ठंडी सड़क पर कनाल थाने के पास का है। यहां खाने-पीने की चीजों की रेहड़ी लगाने वाले व्यक्ति के पास एक शख्स ई-रिक्शा में पहुंचा। उसने खुद को हरियाणा का रहने वाला बताते हुए दावा किया कि उसकी फर्म रिफाइंड तेल, सरसों का तेल और बेसन सप्लाई करती है। उसने रेहड़ी संचालक को शहर के होलसेल बाजार से करीब 40 प्रतिशत कम कीमत पर सामान दिलवाने का झांसा दिया। सस्ते सामान की बात सुनकर रेहड़ी संचालक उसकी बातों में आ गया।

पहले कारोबारी बनने का नाटक, फिर बुना ठगी का जाल

आरोपी ने रेहड़ी संचालक से कहा कि वह अपने साथ किसी मजदूर को भेज दे, ताकि फर्म के लोगों को लगे कि कोई कारोबारी सामान खरीदने आया है। जब रेहड़ी संचालक ने मजदूर नहीं होने की बात कही तो आरोपी ने उसे ही साथ चलने के लिए तैयार कर लिया। इसके बाद दोनों ई-रिक्शा में बैठकर रेलवे रोड पहुंचे। यहां आरोपी ने एक और चाल चली। उसने कहा कि जिस ई-रिक्शा में वे आए हैं, वह किसी कारोबारी की फर्म का है और वह दूसरा रिक्शा लेकर आता है। इतना कहकर उसने रेहड़ी संचालक को रेलवे रोड पर उतार दिया और खुद वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह दूसरे ई-रिक्शा में वापस आया और उसे लेकर गांधी मार्केट पहुंच गया।

10 हजार की रकम के लिए रची दोहरी चाल

गांधी मार्केट पहुंचकर आरोपी ने रेहड़ी संचालक से कहा कि सामान उठाने का इंतजाम करने के लिए ई-रिक्शा चालक को 10 हजार रुपए देने होंगे। रेहड़ी संचालक ने अनजान व्यक्ति को पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। इस पर आरोपी ने नया पैंतरा अपनाते हुए ई-रिक्शा की चाबी रेहड़ी संचालक को थमा दी और कहा कि वह रिक्शा अपने पास खड़ा रखे तथा चालक को पैसे दे दे। दूसरी तरफ आरोपी ने ई-रिक्शा चालक को सामान उठाने के बदले अतिरिक्त पैसे और दिहाड़ी देने का लालच दिया। उसकी बातों में आकर चालक आरोपी के साथ चला गया। इधर रेहड़ी संचालक ने 10 हजार रुपए दे दिए और सामान पहुंचने का इंतजार करने लगा। लेकिन न आरोपी वापस लौटा और न ही सामान पहुंचा। करीब एक घंटे तक इंतजार करने के बाद उसे समझ आया कि सस्ते सामान के नाम पर उसके साथ ठगी हो चुकी है।

एक ही ठग के दो शिकार कोतवाली में मिले

ठगी का एहसास होने पर रेहड़ी संचालक ई-रिक्शा लेकर थाना कनाल पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने उसे बताया कि गांधी मार्केट थाना कोतवाली के अधिकार क्षेत्र में आती है। इसके बाद वह शिकायत दर्ज करवाने थाना कोतवाली पहुंच गया। लेकिन यहां पहुंचकर उसे एक और हैरान करने वाली बात पता चली। थाने में एक अन्य ई-रिक्शा चालक पहले से ही अपना रिक्शा चोरी होने की शिकायत लेकर बैठा था। दोनों ने जब आपस में बातचीत की तो पता चला कि एक ही व्यक्ति ने दोनों को अपने जाल में फंसाया है। ई-रिक्शा चालक ने बताया कि आरोपी ने फोन पर किसी अन्य व्यक्ति से उसकी बात करवाकर उसे भरोसा दिलाया था कि 10 हजार रुपए लेना सही है। उसने उस व्यक्ति को कारोबारी समझकर पैसे दे दिए। इस तरह ठग ने फोन पर किसी तीसरे व्यक्ति को भी कथित तौर पर अपने खेल में शामिल कर दोनों पीड़ितों के बीच विश्वास कायम किया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

दोनों पीड़ितों के बयान सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर फोन पर किसी अन्य व्यक्ति को कारोबारी बनाकर पेश किया था, ताकि दोनों पीड़ितों को उस पर भरोसा हो जाए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पीड़ितों ने आरोपी को पकड़ने के लिए लोगों से सहयोग मांगा है। पुलिस ने भी आम लोगों से अपील की है कि कोई भी अनजान व्यक्ति यदि सस्ते सामान, मोटे मुनाफे या किसी कारोबार में विशेष छूट का लालच देकर पैसे मांगता है तो बिना जांच-पड़ताल रकम न दें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!