AAP द्वारा मुख्य सड़क जाम करने पर भड़के अवतार हैनरी, सख्त कार्रवाई की उठाई मांग

Edited By Kamini,Updated: 19 Feb, 2026 12:11 PM

avtar henry lashes out at aap government

पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपप्रधान अवतार हैनरी ने शहर की मुख्य सड़क को पूरी तरह से आवाजाही के लिए बंद कर राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

जालंधर (चोपड़ा): पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपप्रधान अवतार हैनरी ने शहर की मुख्य सड़क को पूरी तरह से आवाजाही के लिए बंद कर राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह घटना साफ दर्शाती है कि आम आदमी पार्टी के नेता सत्ता के नशे में चूर लोग आम नागरिकों की परेशानियों से पूरी तरह बेपरवाह हो चुके हैं।

अवतार हैनरी ने कहा कि जिस सड़क से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं और जो शहर के प्रमुख बाजारों व अस्पतालों को जोड़ती है, उसे बीचों-बीच टैंट लगाकर अवरुद्ध करना अत्यंत गैर-जिम्मेदाराना कदम है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक कार्यक्रम करने का अधिकार सबको है, लेकिन सड़क को एक तरह से सील करके जनता को कष्ट देकर नहीं।

अवतार हैनरी ने आरोप लगाया कि प्रशासन की आंखों के सामने मुख्य मार्ग जाम कर दिया गया, जिससे स्कूली बच्चों, व्यापारियों और मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। एंबुलेंस सेवाओं तक के प्रभावित होने की खबरें लोकतंत्र के लिए चिंताजनक हैं। अवतार हैनरी ने सवाल किया कि अगर किसी मरीज की हालत बिगड़ जाती तो इसकी नैतिक जिम्मेदारी कौन लेता?

पूर्व मंत्री ने कहा कि आम नागरिक यदि बिना अनुमति सड़क पर छोटा सा कार्यक्रम कर दे तो तुरंत कार्रवाई होती है, लेकिन जब सत्ताधारी दल ऐसा करे तो सब खामोश क्यों हो जाते हैं? यह दोहरे मापदंड बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अवतार हैनरी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी शहर की जनता के हितों से खिलवाड़ नहीं होने देगी। उन्होंने मांग की कि इस मामले में अनुमति, ट्रैफिक प्रबंधन और प्रशासनिक भूमिका की जांच हो तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी राजनीतिक दल जनता को असुविधा में डालने की हिम्मत न करे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!