Edited By swetha,Updated: 25 Apr, 2019 09:35 AM
इंडियन रैवेन्यू सर्विस (आई.आर.एस.) के ऑब्जर्वरों द्वारा लोकसभा चुनावों के मद्देनजर नियमों को लागू करवाने हेतु बनाए गए इलैक्शन सैलों का दौरा करके आवश्यक हिदायतें जारी की गईं।
जालंधर (पुनीत): इंडियन रैवेन्यू सर्विस (आई.आर.एस.) के ऑब्जर्वरों द्वारा लोकसभा चुनावों के मद्देनजर नियमों को लागू करवाने हेतु बनाए गए इलैक्शन सैलों का दौरा करके आवश्यक हिदायतें जारी की गईं। चुनाव खर्च ऑब्जर्वर आई.आर.एस. प्रीति चौधरी व अमित शुक्ला की तरफ से मीडिया और मॉनीटरिंग सैल (एम.सी.एम.सी.), शिकायत सैल, सी-विजल कंट्रोल रूम और दूसरे सैलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डी.सी. वरिन्द्र शर्मा ने उनको सैलों की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन की तरफ से इन सैलों के लिए पहले ही नोडल अधिकारियों को तैनात करने के अलावा उनकी सहायता के लिए सहायक नोडल अधिकारी और स्टाफ लगाया जा चुका है।
मीडिया सर्टीफिकेशन और मॉनीटरिंग सैल में ऑब्जर्वर को बताया गया कि यह सैल पैड न्यूज पर सख्त निगरानी रखने के लिए स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस सैल की तरफ से उम्मीदवारों की तरफ से प्रिंट और इलैक्ट्रोनिक मीडिया में प्रकाशित किए जा रहे विज्ञापन और पेड न्यूज की निगरानी की जा रही है। वहीं प्रिंट व न्यूज चैनलों पर दिखाई जा रही खबरों के कंटैंट पर भी नजर रखी जा रही है। शिकायत सैल के बारे में बताते हुए अधिकारियों ने कहा कि इस सैल की स्थापना इसलिए की गई है ताकि मतदान के दौरान टोल फ्री नंबर 1950 या राष्ट्रीय शिकायत सर्विस पोर्टल (एन.जी.एस.पी.) पर मिलने वाली शिकायतों का निपटारा किया जा सके। इन दोनों सैलों में जरूरत के अनुसार स्टाफ को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि इस सैल में कोई भी व्यक्ति आदर्श चुनाव विवरण या मतदान सम्बन्धित और मुद्दों पर शिकायत दर्ज करवा सकता है।