Edited By Bhupinder Ratta,Updated: 21 Feb, 2019 08:12 AM
सिविल सर्जन दफ्तर में सुबह ड्यूटी पर देर से आने व शाम को जल्दी भाग जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर अब शिकंजा कसने जा रहा है।
जालन्धर(रत्ता): सिविल सर्जन दफ्तर में सुबह ड्यूटी पर देर से आने व शाम को जल्दी भाग जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर अब शिकंजा कसने जा रहा है। इस बात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उक्त दफ्तर में जल्द ही सभी की हाजिरी बायोमीट्रिक मशीन पर लगा करेगी और इसके लिए लगभग सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार सभी सरकारी दफ्तरों में हाजिरी के लिए बायोमीट्रिक मशीनें लगवा रही है और आने वाले समय में स्टाफ की तनख्वाह इन्हीं मशीनों पर लगी हाजिरी के मुताबिक बना करेगी।
लेट-लतीफों को पसंद नहीं आ रहा सिस्टम
राज्य सरकार द्वारा बायोमीट्रिक मशीनें लगाने का निर्णय बहुत ही अच्छा है लेकिन लेट-लतीफ स्टाफ को यह सिस्टम बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा। इस नए सिस्टम को लेकर वे तरह-तरह के तर्क दे रहे हैं।
बायोमीट्रिक मशीन की निगरानी हेतु लगाए जा रहे सी.सी.टी.वी. कैमरे
इन बायोमीट्रिक मशीनों के साथ कोई भी कर्मचारी छेड़छाड़ न करे, इसके लिए अब कमरे में सी.सी.टी.वी. कैमरे भी लगाए जा रहे हैं।
अब किसी दूसरे कर्मचारी की हाजिरी नहीं लगा पाएगा उसका साथी
अब तक रजिस्टर में मैन्युल तौर पर हाजिरी लगाने का फायदा कई अधिकारी व कर्मचारी इस तरह उठाते थे कि सुबह उनकी हाजिरी उन्हीं का कोई खास दोस्त लगा देता था। अब बायोमीट्रिक मशीन लगने से ऐसा कदापि संभव नहीं हो पाएगा।