Edited By Punjab Kesari,Updated: 07 Oct, 2017 09:41 AM
आर.एस.एस. के स्वयंसेवक किशोर कुमार की मौत की निष्पक्ष जांच के लिए भाजपा नेताओं और संघ के अधिकारियों ने डी.सी.पी. राजिंद्र सिंह से मुलाकात की।
जालंधर (गुलशन) :आर.एस.एस. के स्वयंसेवक किशोर कुमार की मौत की निष्पक्ष जांच के लिए भाजपा नेताओं और संघ के अधिकारियों ने डी.सी.पी. राजिंद्र सिंह से मुलाकात की। पूर्व विधायक के.डी. भंडारी के साथ महानगर संघचालक कुलदीप भगत, नगर कार्यवाह वीरेंद्र जोशी, नत्थू राम, भाजपा नेता अश्विनी दीवान हैप्पी, इंद्र सहगल व मृतक के पारिवारिक सदस्यों ने डी.सी.पी. राजिंद्र सिंह से मामले की गहराई से जांच कराने की मांग की।
उन्होंने डी.सी.पी. को बताया कि किशोर के सिर पर जिस प्रकार चोट आई थी उससे नहीं लगता कि यह रेल हादसा है, अगर सुसाइड की बात करें तो बीच रास्ते में और भी दो-तीन रेलवे फाटक हैं, उसे इतनी दूर जाने की क्या जरूरत थी। किशोर के पारिवारिक सदस्य इसे रेल हादसा नहीं बल्कि हत्या मान रहे हैं। उन्होंने पुलिस को किशोर के दोनों मोबाइल नंबर भी दिए।
डी.सी.पी. ने के.डी. भंडारी व संघ अधिकारियों को आश्वासन दिया कि घटना की जांच के लिए एक स्पैशल इन्वैस्टीगेशन टीम गठित की जाएगी जो पूरे मामले की जांच करेगी। डी.सी.पी. ने जी.आर.पी. के एस.एच.ओ. बलदेव सिंह रंधावा को भी फोन कर पोस्टमार्टम की रिपोर्ट भेजने को कहा। उल्लेखनीय है कि 4 अक्तूबर की रात संघ कार्यकत्र्ता किशोर कुमार का शव सोढल फाटक के पास रेल ट्रैक पर पड़ा मिला था।
जी.आर.पी. ने सोढल फाटक के पास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे खंगाले
आज जी.आर.पी. द्वारा सोढल फाटक के पास लगे कुछ सी.सी.टी.वी. कैमरे भी खंगाले ताकि जांच में मदद मिल सके। पुलिस का तर्क था कि सोढल फाटक के आस-पास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फु टेज से पता चल सकता था कि किशोर की मौत वाकई एक रेल हादसा है या किसी ने हत्या कर शव रेल लाइनों पर फैंका है। लेकिन पुलिस को यहां कोई सफलता नहीं मिली। जी.आर.पी. के एस.एच.ओ. बलदेव सिंह रंधावा का कहना है कि घटना की रिपोर्ट बनाकर जी.आर.पी. हैडक्वार्टर पटियाला भेज दी गई है। उच्चाधिकारियों के आदेशों के मुताबिक घटना की जांच की जाएगी।