Edited By Punjab Kesari,Updated: 27 Jul, 2017 10:07 AM
बस्ती जोधेवाल इलाके में बुधवार शाम को पैसों के लेन-देन को लेकर एक युवक का अपहरण करके उसकी हत्या कर दी गई। जिससे गुस्साए एक विशेष
लुधियाना (महेश): बस्ती जोधेवाल इलाके में बुधवार शाम को पैसों के लेन-देन को लेकर एक युवक का अपहरण करके उसकी हत्या कर दी गई। जिससे गुस्साए एक विशेष समुदाय के सैंकड़ों लोगों ने शव जालंधर हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया और करीब 2 घंटे तक जमकर हंगामा किया। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बताया जाता है कि इस दौरान प्रदर्शकारियों ने एक आटो के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान आटो में सवार महिला का बच्चा उसके साथ से छूट गिर गया। किसी तरह से महिला ने अपनी व अपने बच्चे की जान बचाई।
उधर, घटना की सूचना पाकर ए.डी.सी.पी. सुरेंद्रा लांबा, जसदेव सिंह, ए.सी.पी. मनदीप सिंह, पवनजीत, हरकमल सिंह मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए अलग-अलग थानों से भारी पुलिस फोर्स मंगवाई गई। किसी तरह से पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और उसे सरकारी गाड़ी में सिविल अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा, परंतु बाद में अधिकारियों द्वारा दिए गए कार्रवाई के आश्वासन पर प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला दिया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। मृतक मोहम्मद इरशाद (32) के जीजा मोहम्मद शरीक ने बताया कि इरशाद माया पुरी इलाके का रहने वाला था और कपड़ों की वेस्ट का काम करता था। उसके 5 बच्चे हैं। उसने पंडित मदन मोहन से 10,000 रुपए उधार लिए थे, जिसमें 6,000 रुपए वह लौटा भी चुका था परंतु वह 4000 रुपए लौटाने में असमर्थ था। इसी के चलते बुधवार दोपहर करीब 2 बजे फाइनैंसर का कारिंदा काला आया और उसे जबरन पंडित के पास ले गया। आरोप है कि इस दौरान इरशाद को बुरी तरह से शारीरिक यातनाएं दी गईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
इसके बाद पंडित के कहने पर काला अपने कुछ साथियों के साथ मरे हुए इरशाद को उसके घर पर फैंक कर भागने लगा। इस पर आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया, जबकि उसके साथी वहां से फरार होने में कामयाब हो गए। उसका आरोप है कि इसकी सूचना उन्होंने तत्काल पुलिस को दी, लेकिन काफी समय तक पुलिस नहीं पहुंची। इससे लोगों का गुस्सा फुट पड़ा और शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने व उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। दूसरी तरफ पुलिस ने काले को हिरासत में ले लिया है, जबकि पंडित व उसका बेटा फरार बताए जा रहे हैं। थाना जोधेवाल प्रभारी इंस्पैक्टर विजय कुमार का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई थी। वह खुद मौके पर पहुंचे। आरोपियों को पकडऩे के लिए तत्काल उनके घर पर रेड की लेकिन वे फरार पाए गए। उन्होंने कहा कि आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। समाचार लिखे जाने तक केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी।