Edited By Kalash,Updated: 24 May, 2025 10:45 AM

खरड़ पुलिस ने एक युवक को ससुराल वालों द्वारा आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पत्नी समेत 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
खरड़ (गगनदीप): खरड़ पुलिस ने एक युवक को ससुराल वालों द्वारा आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पत्नी समेत 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी ए. एस. आई. दलजीत सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ के सैक्टर-52 निवासी जोगिंदर सिंह ने बयान में बताया कि बेटा बलवीर सिंह (40) जिसकी शादी करीब 12 साल पहले मनजीत कौर से हुई थी, जिनसे उनकी एक बेटी और अढ़ाई साल का बेटा है, अपने परिवार के साथ निज्जर रोड स्थित के.एस.बी. कॉलोनी में रहता था।
पुलिस को बताया कि बलबीर सिंह से उसकी पत्नी हर समय झगड़ा करती रहती थी। बलबीर सिंह के ससुराल वाले भी ज्यादा हस्तक्षेप करते थे। कुछ दिनों से उनके बीच किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। जिस कारण बलबीर सिंह की पत्नी अपने माता-पिता के घर चली गई थी।
वीरवार रात बलवीर सिंह पत्नी को लेने के लिए ससुराल गया था, वहां उसका ससुराल वालों से झगड़ा हो गया। इसके बाद ससुराल वालों और पत्नी ने कहा कि अगर वह प्यार करता है तो चाय पीकर दिखाए। बिना सोचे-समझे उसने चाय पी ली। इसके बाद उसके पेट में जलन होने लगी। इसके बाद उसने वीडियो बनाकर साडू और दोस्त को भेजी कि पत्नी और ससुराल वालों ने उसे कोई जहरीली चीज खिला दी है। जिससे उसकी तबीयत खराब हो रही है।
बलबीर के साडू ने ससुराल वालों से उसे अस्पताल ले जाने को कहा, लेकिन उसे अस्पताल ले जाने की बजाय वहीं छोड़ गए। इसके बाद बलवीर सिंह को सांडू व बलवीर सिंह के दोस्तों ने उपचार के लिए मोहाली सिविल अस्पताल फेज-6 में लेकर गए वहां से डॉक्टरों ने सैक्टर-32 चंडीगढ़ रैफर कर दिया, वहां उपचार के दौरान बलवीर की मौत हो गई।
इस पूरे मामले में परिजनों ने मृतक बलवीर सिंह के ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। मृतक के पिता जोगिंदर सिंह के बयानों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी मनजीत कौर, ससुर सोहन सिंह, सास सुरिंदर कौर, साला हैप्पी, साली गिन्नी और पत्नी के मामा राणे के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल खरड़ के शवगृह में भेज दिया है। सिटी थाना प्रभारी अजितेश कौशल ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने मृतक के ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा उसके ससुराल वाले घर पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गए हैं। उन्होंने कहा कि परिवार द्वारा मृतक का वीडियो और अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराए जाने के बाद मामले को आगे बढ़ाया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here