Edited By Kamini,Updated: 06 Oct, 2026 10:25 AM

पर्यटकों के लिए एक खुशी भरी खबर सामने आई है। दरअसल, पठानकोट में जल्द ही वर्ल्ड क्लास ईको टूरिज्म हब बनने जा रहा है।
पठानकोट: पर्यटकों के लिए एक खुशी भरी खबर सामने आई है। दरअसल, पठानकोट में जल्द ही वर्ल्ड क्लास ईको टूरिज्म हब बनने जा रहा है। पंजाब सरकार रणजीत सागर बांध और शाहपुर कंडी बांध परियोजना के आसपास 400 एकड़ से अधिक जमीन पर वर्ल्ड क्लास ईको टूरिज्म हब विकसित करने की तैयारी में है। पंजाब कैबिनेट ने इसके लिए ‘रणजीतगढ़ डेवलपमेंट अथॉरिटी (आरडीए) बिल-2026’ को मंजूरी दे दी है। इससे जहां पंजाब के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद पर्यटन विभाग के प्रबंधकीय सचिव की ओर से नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। प्रस्तावित अथॉरिटी को डेस्टिनेशन मैनेजमेंट ऑर्गेनाइजेशन के तौर पर गठित किया जाएगा और इसे विधिक मान्यता प्राप्त होगी। केंद्र से मिलने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर फंड और पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत क्षेत्र के 7 प्रमुख स्थलों को विकसित किया जाएगा। यहां 5-स्टार होटल, लग्जरी रिजॉर्ट, ईको हट्स और वाटर स्पोर्ट्स जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
रणजीत सागर झील में क्रूज के साथ दिखेंगी डॉल्फिन
रणजीत सागर बांध की झील में गंगा नदी से डॉल्फिन लाने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही यहां क्रूज सफारी शुरू करने की योजना भी बनाई गई है। इससे पर्यटकों को प्राकृतिक वातावरण के बीच पर्यटन का नया अनुभव मिल सकेगा।
प्रमुख स्थलों पर ये सुविधाएं होंगी
जुगियाल कॉलोनी: 100 एकड़ जमीन पर ओल्डएज होम (वृद्धाश्रम) विकसित किया जाएगा।
रावी सदन: 6 एकड़ में इंटरप्रेटेशन सेंटर और टूरिस्ट हट्स बनाए जाएंगे और सलाड़ी खड्ड में 14 एकड़ जमीन पर ईको हट्स और बोटिंग की सुविधा विकसित होगी।
थड़ा-उपरला कॉलोनी: 109 एकड़ में झील किनारे करीब 500 कमरों वाला 5-स्टार होटल तैयार करने की योजना है। वहीं कुलारा टापू पर 18 एकड़ में लग्जरी रिजॉर्ट्स विकसित किए जाएंगे।
सड़क मार्ग से माधोपुर से जुड़ेगा प्रोजेक्ट
रणजीतगढ़ प्रोजेक्ट को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए इसे सड़क मार्ग के जरिए माधोपुर में जालंधर-जम्मू हाईवे से सीधे जोड़ा जाएगा। इससे पर्यटकों के लिए पठानकोट और आसपास के क्षेत्रों से यहां पहुंचना आसान होगा।
केंद्र देगा इंफ्रास्ट्रक्चर फंड
टूरिज्म विभाग के डायरेक्टर डॉ. संजीव तिवारी ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में पर्यटन स्थलों के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से इंफ्रास्ट्रक्चर फंड उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद पीपीपी मॉडल के तहत होटल और रिजॉर्ट समूहों को प्रोजेक्ट विकसित करने के लिए शामिल किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here