Edited By Kalash,Updated: 06 Oct, 2026 04:35 PM

गांव भांखरपुर के पास एक कॉलोनी में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक को अचानक सांप ने पैर पर डंक मार दिया।
डेराबस्सी (अनिल शर्मा): गांव भांखरपुर के पास एक कॉलोनी में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक को अचानक सांप ने पैर पर डंक मार दिया। सांप के डंक मारने के बावजूद युवक ने घबराने की बजाय हिम्मत दिखाई और सांप को मार डाला। इसके बाद उसने मरे हुए सांप को एक लिफाफे में रखा और इलाज के लिए अपने परिवार वालों के साथ डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल पहुंचा। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने तुरंत युवक का इलाज शुरू कर दिया। जानकारी के मुताबिक युवक धर्मवीर रात को अपने घर के पास मौजूद था। इसी बीच अचानक एक सांप ने उसके पैर पर डंक मार दिया। सांप के डंक मारने का पता चलते ही परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। धर्मवीर ने हिम्मत दिखाई और डंक मारने वाले सांप को मार डाला।
इसके बाद परिवार वाले उसे बिना देर किए इलाज के लिए डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल ले गए। धर्मवीर मरे हुए सांप को भी एक लिफाफे में अपने साथ अस्पताल ले आया। अस्पताल पहुंचकर जब उसने अस्पताल के स्टाफ को लिफाफे में पड़ा मरा हुआ सांप दिखाया तो स्टाफ के लोग भी एक पल के लिए हैरान रह गए। युवक के सांप को अपने साथ अस्पताल लाने की बात भी वहां मौजूद लोगों में चर्चा का विषय बन गई।
सांप को देखने के बाद डॉक्टरों ने युवक की हालत को देखते हुए तुरंत इलाज शुरू कर दिया। डॉक्टर लगातार धर्मवीर की सेहत पर नजर रख रहे थे। इलाज के दौरान उसकी हालत स्थिर बताई जा रही थी। खबर लिखे जाने तक धर्मवीर का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा था और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही थी। घटना के बाद इलाके के लोगों में सांप को लेकर डर का माहौल बन गया है। लोगों ने अपील की है कि ऐसी घटना होने पर घबराने के बजाय तुरंत मेडिकल मदद लें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here