Edited By Subhash Kapoor,Updated: 23 Nov, 2023 09:12 PM

दिल्ली से लुधियाना हथियार डिलीवर करने आए तस्कर को एंटी नारकोटिक्स सैल की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
लुधियाना (राज/बेरी): दिल्ली से लुधियाना हथियार डिलीवर करने आए तस्कर को एंटी नारकोटिक्स सैल की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी गुरतेज सिंह है जोकि दिल्ली के सुभाष नगर इलाके का रहने वाला है। उससे प्वाइंट 32 बोर की 4 पिस्तौल, 8 कारतूस 32 बोर और 4 खाली मैग्जीन बरामद हुए हैं। थाना डिवीजन नंबर-2 में आरोपी के खिलाफ आर्म्ज एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए डी.सी.पी. (इन्वैस्टीगेशन) हरमीत सिंह हुंदल ने बताया कि पुलिस पार्टी के साथ सिविल अस्पताल के पास गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक युवक इलाके में हथियार सप्लाई करने के लिए आया है। इस पर पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपी गुरतेज सिंह को दबोच लिया। उसकी तलाशी दौरान पिस्तौल, कारतूस और मैग्जीन बरामद हुए। शुरूआती पूछताछ में पता चला कि आरोपी धार्मिक स्थानों पर पाठ करता है और पाठ सिखाता भी है। मगर जल्द पैसा कमाने के चक्कर में उसने हथियार बेचना शुरू कर दिया। वह दिल्ली बार्डर के साथ लगते उत्तर प्रदेश के शहरों से हथियारों की खरीद कर पंजाब के अलग-अलग जिलों के लुटेरों और गैंगस्टरों को बेचता था। वह पहले सोशल साइट्स पर हथियारों की फोटो भेजता था, फिर डील फाइनल कर हथियार को खुद ही सप्लाई करने के लिए आता था। आरोपी कभी बस में तो कभी ट्रेन में सवार होकर खुद दिल्ली से लुधियाना और अलग-अलग जिलों में जाकर हथियार सप्लाई करता था। आरोपी को पुलिस ने अदालत पेश किया। जहां से अदालत ने उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। अब पुलिस उन लोगों की भी लिस्ट तैयार कर रही है जिनको आरोपी ने हथियार बेचे थे।