बाबा बनकर आया शातिर, बातों में उलझाया और Hypnotize कर ज्वेलरी शोरूम में कर गया बड़ा खेल!

Edited By Vatika,Updated: 18 Nov, 2026 09:47 AM

robbery at jewellery showroom

महानगर में ठगी और लूटपाट करने वाले गिरोह अब नए-नए और हैरान कर देने वाले पैंतरे अपना रहे हैं।

लुधियाना(राज) : महानगर में ठगी और लूटपाट करने वाले गिरोह अब नए-नए और हैरान कर देने वाले पैंतरे अपना रहे हैं। ताजा मामले में ताजपुर रोड स्थित सी.जी. ज्वेलर्स में एक अज्ञात बाबा द्वारा दुकानदार के दोस्त को कथित तौर पर हिप्नोटाइज कर उसका कीमती सामान व अन्य वस्तुएं लेकर फरार हो जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुई इस अनोखी वारदात के बाद न केवल पीडि़त सन्न रह गया, बल्कि ताजपुर रोड इलाके के अन्य दुकानदारों में भी हडक़ंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ताजपुर रोड पर स्थित सी.जी. ज्वेलर्स के शोरूम में रोजाना की तरह कामकाज चल रहा था और दुकानदार का एक दोस्त भी वहां मौजूद था। इसी दौरान साधु या बाबा के भेष में एक अज्ञात व्यक्ति दुकान के अंदर दाखिल हुआ। आरोप है कि शातिर बाबा ने पहले सामान्य बातचीत शुरू की और देखते ही देखते दुकानदार के दोस्त को अपनी बातों के जाल में फंसाकर कथित तौर पर हिप्नोटाइज कर लिया। सम्मोहन के प्रभाव में आने के कारण पीडि़त युवक की सोचने-समझने की शक्ति कुछ समय के लिए सुन्न हो गई।

पीडि़त की इसी बेसुध हालत का फायदा उठाते हुए ठग बाबा ने उसके पास मौजूद कीमती सामान तथा दुकान में रखा अन्य सामान बड़ी सफाई से समेटा और पलक झपकते ही शोरूम से बाहर निकलकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब पीडि़त युवक को होश आया और उसने अपने पास से कीमती सामान गायब देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। शोर मचाने और बाहर तलाश करने पर भी उक्त बाबा का कोई सुराग नहीं लग सका। घटना की सूचना तुरंत थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस द्वारा ज्वेलरी शोरूम और ताजपुर रोड बाजार में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी बाबा के हुलिए की पहचान कर उसके भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने शहर के व्यापारियों और आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अजनबी या संदिग्ध बाबा के बहकावे में न आएं और सतर्क रहें।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!