Edited By swetha,Updated: 30 Mar, 2019 11:05 AM
पंजाब में 13 लोकसभा सीटों के लिए मतदान अंतिम चरण में 19 मई को होना है ...
जालंधर(धवन): पंजाब में 13 लोकसभा सीटों के लिए मतदान अंतिम चरण में 19 मई को होना है परन्तु उससे पहले चुनावी मैदान में उतरने वाले कांग्रेसी उम्मीदवारों की ओर से चुनाव प्रचार के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, उनकी बहन व पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह की मांग सबसे अधिक आ रही है। कुछ सीटों पर यू.पी.ए. की चेयरपर्सन सोनिया गांधी को भी बुलाया जा सकता है।
अभी कांग्रेस नेतृत्व को पंजाब के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी करना है। अभी पार्टी अपने उम्मीदवारों को तय करने में लगी हुई है परन्तु अधिकांश कांग्रेसियों का मत है कि वह अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी तथा डा. मनमोहन सिंह को बुलाने के इच्छुक हैं। डा. मनमोहन सिंह का अमृतसर क्षेत्र में काफी प्रभाव पड़ सकता है। राहुल गांधी पहले भी जालंधर आ चुके हैं।
कांग्रेस के उम्मीदवारों के पक्ष में आरंभ में चुनाव प्रचार पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह स्वयं संभालेंगे। चुनाव प्रचार समाप्त होने से कुछ दिन पहले कांग्रेस के केन्द्रीय नेता पंजाब की ओर रुख करेंगे। राहुल, प्रियंका भी तब तक अन्य राज्यों से फ्री हो चुके होंगे, इसलिए पंजाब में राहुल के अलावा प्रियंका गांधी भी प्रचार के लिए आ सकती हैं। चूंकि अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रुख भी पंजाब की तरफ होगा इसलिए पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह भी सिख बहुल लोकसभा सीटों पर प्रचार के लिए आ सकते हैं।