Edited By Subhash Kapoor,Updated: 28 Nov, 2026 08:10 PM

विधानसभा हलका खडूर साहिब के कस्बा श्री गोइंदवाल साहिब में मोबाइल फोन के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक के सिर पर लकड़ी का बाला मारकर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना गोइंदवाल साहिब की पुलिस ने 4 व्यक्तियों के खिलाफ...
तरनतारन (रमन) : विधानसभा हलका खडूर साहिब के कस्बा श्री गोइंदवाल साहिब में मोबाइल फोन के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक के सिर पर लकड़ी का बाला मारकर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना गोइंदवाल साहिब की पुलिस ने 4 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अमनदीप सिंह पुत्र अमरजीत सिंह निवासी गोइंदवाल साहिब ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उसके छोटे भाई प्रदीप सिंह के दोस्त लवली ने अपने घर से मोबाइल फोन चोरी करके उसके भाई के पास गिरवी रख दिया था। उसके भाई ने निर्धारित 8 दिनों का समय बीतने के बाद उक्त मोबाइल फोन बेच दिया था, जबकि लवली उसके भाई से मोबाइल फोन वापस मांग रहा था।
अमनदीप सिंह ने बताया कि गत दिवस दोपहर करीब डेढ़ बजे लवली अपने 3 साथियों सहित उनके घर आया। इस दौरान एक व्यक्ति द्वारा ललकारा मारा गया और लवली ने लकड़ी का बाला उठाकर उसके भाई प्रदीप सिंह के सिर पर मार दिया। इस हमले में प्रदीप सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना गोइंदवाल साहिब के प्रभारी इंस्पैक्टर नवदीप सिंह ने बताया कि मृतक के भाई अमनदीप सिंह पुत्र अमरजीत सिंह के बयानों के आधार पर लवली पुत्र बलविंदर सिंह निवासी गोइंदवाल साहिब एवं उसके 3 अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए आगामी जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है।