Edited By Kalash,Updated: 14 Nov, 2026 01:54 PM

जालंधर में पंजाब पुलिस के ASI और रिटायर्ड NSG कमांडो के बीच विवाद हो गया।
पंजाब डेस्क : जालंधर में पंजाब पुलिस के ASI और रिटायर्ड NSG कमांडो के बीच विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार यहां ASI पर आरोप लगे हैं कि रिहायशी इलाके में तेज रफ्तार से कार चलाने का विरोध करने पर पुलिसकर्मी ने पूर्व कमांडो के साथ बदसलूकी और मारपीट की। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में है और कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
रिटायर्ड NSG कमांडो संदीप कुमार ने बताया कि वह चोगिट्टी इलाके में रहते हैं। वह शुक्रवार शाम के समय अपने पालतू कुत्ते के साथ घर के बाहर खड़े थे कि कार में सवार ASI हरीश तेज रफ्तार से वहां से गुजरे। इस दौरान उनका कुत्ता बाल-बाल कार की चपेट में आने से बचा। संदीप का कहना है कि जब उन्होंने ASI को रिहायशी इलाके में धीरे गाड़ी चलाने के लिए कहा तो इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मी ने गुस्से में आकर उनका गला पकड़ा और थप्पड़ मार दिया। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में उनके गले पर चोट आई और मोबाइल फोन भी टूट गया।
पूर्व कमांडो का यह भी आरोप है कि घटना के बाद ASI ने उल्टा उनके खिलाफ ही पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर दी। उन्होंने दावा किया कि ASI की पत्नी भी पुलिस विभाग में SHO के पद पर तैनात हैं और इसी वजह से उन पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित ASI के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here