Edited By Updated: 09 Dec, 2016 03:48 PM
पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवार तय करने के लिए दिल्ली में आज केन्द्रीय चुनाव कमेटी की बैठक पार्टी अध्यक्षा सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई
जालंधर (धवन): पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवार तय करने के लिए दिल्ली में आज केन्द्रीय चुनाव कमेटी की बैठक पार्टी अध्यक्षा सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई, जिसमें 117 विधानसभा सीटों में से 87 पर उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बन गई है। स्क्रीङ्क्षनग कमेटी की पहली बैठक में 64 नामों पर सहमति बनी थी। आज की बैठक में भी 23 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम पर सहमति बना ली गई।
कांग्रेसी हलकों से पता चला कि केन्द्रीय चुनाव कमेटी की बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह, पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैप्टन अमरेन्द्र सिंह, स्क्रीङ्क्षनग कमेटी के चेयरमैन अशोक गहलोत, पंजाब मामलों की प्रभारी आशा कुमारी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी भाग लिया। बैठक शाम 3 बजे शुरू होकर पौने 6 बजे सम्पन्न हुई।
कांग्रेसी नेताओं ने बताया कि बैठक में 30 विधानसभा सीटों पर अभी सहमति नहीं बन सकी है। इन सीटों पर उम्मीदवारों के पैनलों में 2 से 3 नाम बताए जाते हैं। जालंधर की कुछ सीटों पर भी अभी फैसला नहीं हो सका है। इसी तरह से गुरदासपुर जिले की कुछ सीटें भी लंबित कर दी गई हैं।
कांग्रेसी नेताओं ने बताया कि केन्द्रीय चुनाव कमेटी ने इन 30 सीटों पर स्क्रीङ्क्षनग कमेटी को दोबारा गौर करने के लिए कहा है। इसलिए कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची अब 12 दिसम्बर के बाद ही जारी होने के आसार हैं। कांग्रेस द्वारा 6-7 मौजूदा विधायकों को दोबारा रिपीट नहीं किया जा रहा है क्योंकि उनकी सर्वे रिपोर्टें ठीक नहीं आई थीं।
कांग्रेस ने एक महत्वपूर्ण फैसला यह भी लिया है कि शहरी सीटों पर हिन्दू कांग्रेस उम्मीदवारों को पहल दी जाए क्योंकि पिछली बार शहरी सीटों पर कांग्रेस को मार पड़ी थी। यह भी पता चला है कि अशोक गहलोत आज देर रात राजस्थान के लिए रवाना हो गए हैं। उनके अब सोमवार को दिल्ली आने के आसार हैं। उसके बाद ही केन्द्रीय चुनाव कमेटी की अगली बैठक की तारीख तय होगी।