Edited By Vatika,Updated: 16 Nov, 2026 09:13 AM

पंजाब में आज से दूसरे राउंड की जनगणना शुरू होने जा रही है।
पंजाब डेस्कः पंजाब में आज से दूसरे राउंड की जनगणना शुरू होने जा रही है। इस बार केवल परिवार के मुखिया या मकान से जुड़ी जानकारी ही नहीं, बल्कि घर में रहने वाले प्रत्येक सदस्य का व्यक्तिगत विवरण भी जुटाया जाएगा। इसके लिए लोगों को 40 सवालों के जवाब देने होंगे। इन सवालों में जाति, वैवाहिक स्थिति और परिवार से जुड़ी अन्य जानकारियों के साथ यह भी पूछा जाएगा कि किसी व्यक्ति ने अपना घर क्यों बदला। खास बात यह है कि लोगों को सरकारी कर्मचारियों का इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। वे 16 से 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
इस प्रक्रिया को स्वगणना (Self Enumeration) नाम दिया गया है। इसके तहत परिवार का कोई एक सदस्य Online Portal पर पूरे परिवार का विवरण भर सकेगा। फॉर्म जमा होने के बाद एक विशेष सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (SE ID) जारी होगी। इसके बाद 1 दिसंबर से सरकारी कर्मचारी घर-घर पहुंचकर ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का मिलान करेंगे। जिन परिवारों ने ऑनलाइन फॉर्म नहीं भरा होगा, उनसे मौके पर ही सवाल पूछकर विवरण दर्ज किया जाएगा।
जानिए कैसे घर बैठे भर सकते हैं स्वगणना का फॉर्म
स्वगणना की सुविधा के लिए सरकार ने आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in उपलब्ध करवाया है। फॉर्म भरने के लिए इन प्रक्रियाओं का पालन करना होगा:
- 1.सबसे पहले https://se.census.gov.in वेबसाइट खोलें। यहां 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की सुविधा मिलेगी।
- 2.State/UT के विकल्प में Punjab चुनें और स्क्रीन पर दिया गया CAPTCHA भरें।
- 3. परिवार के मुखिया का नाम और सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज करें। मोबाइल पर प्राप्त OTP के जरिए सत्यापन करना होगा। एक परिवार के लिए एक ही मोबाइल नंबर इस्तेमाल किया जा सकेगा। फॉर्म जमा होने के बाद मुखिया का नाम बदलने का विकल्प नहीं मिलेगा।
- 4. जिला, गांव या शहर, मोहल्ला, नजदीकी लैंडमार्क और पिन कोड की जानकारी भरें। इसके साथ डिजिटल मैप पर अपने मकान की सही लोकेशन भी दर्ज करनी होगी।
- 5. परिवार में रहने वाले सभी सदस्यों से संबंधित 40 सवालों के जवाब सावधानी से भरें। सभी जानकारियां सही और पूरी होनी चाहिए।
- 6. पूरा विवरण भरने के बाद एक बार सभी जानकारियां जांच लें और फिर फॉर्म जमा कर दें।
- 7. फॉर्म जमा होने के बाद मिलने वाली Self Enumeration ID को संभालकर रखें। 1 दिसंबर से घर आने वाले गणनाकर्मी को यह आईडी दिखानी होगी।
चरणों में पूरी होगी जनगणना की प्रक्रिया
पहला चरण (16 से 30 नवंबर): इस दौरान लोग आधिकारिक पोर्टल पर जाकर घर बैठे परिवार की जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे। फॉर्म जमा होने पर उन्हें एक यूनिक रेफरेंस नंबर यानी SE ID मिलेगी।
दूसरा चरण (1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027): इस अवधि में सरकारी कर्मचारी घर-घर पहुंचेंगे। ऑनलाइन फॉर्म भरने वाले परिवारों की जानकारी का सत्यापन किया जाएगा, जबकि ऑनलाइन फॉर्म नहीं भरने वाले परिवारों से मौके पर ही सवाल पूछकर विवरण दर्ज किया जाएगा।
तीसरा चरण (5 से 9 जनवरी 2027): अंतिम चरण में छूटे हुए परिवारों को जनगणना में शामिल करने और पहले दर्ज की गई जानकारी में जरूरी सुधार करने का काम किया जाएगा।