Edited By Vatika,Updated: 24 Nov, 2026 09:14 AM

महानगर में जमीन-जायदाद की खरीद-फरोख्त के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का एक बड़ा मामला सामने
लुधियाना(राज): महानगर में जमीन-जायदाद की खरीद-फरोख्त के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। नेशनल रोड, लुधियाना स्थित एक प्रॉपर्टी को सवा करोड़ रुपये में बेचने का सौदा तय कर बयाने के तौर पर 36 लाख 50 हजार रुपये हासिल करने के बावजूद न तो प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री करवाने और न ही रकम वापस करने के आरोप में पुलिस ने बृज मोहन सूद के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता अजमेर सिंह की दरख्वास्त पर हुई गहन पुलिस जांच-पड़ताल के बाद अमल में लाई गई है।
पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, शिकायतकर्ता अजमेर सिंह ने पुलिस के समक्ष शिकायत दी थी कि आरोपी बृज मोहन सूद ने अपनी प्रॉपर्टी नंबर B-19-247 (जिसका रकबा 55.91 वर्ग गज है और जो नेशनल रोड, लुधियाना पर स्थित है) को बेचने का सौदा उनके साथ 1.25 करोड़ रुपये (एक करोड़ पच्चीस लाख रुपये) में तय किया था। पीड़ित अजमेर सिंह के अनुसार, सौदे की शर्तों के मुताबिक आरोपी बृज मोहन सूद ने उनसे किस्तों/बयाने के रूप में कुल 36,50,000/- रुपये (36 लाख 50 हजार रुपये) हासिल कर लिए। लेकिन इतनी बड़ी रकम वसूलने के बाद आरोपी की नीयत बदल गई। आरोपी बृज मोहन सूद ने न तो तय समय पर प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता अजमेर सिंह के नाम करवाई और न ही उनसे ली गई 36.50 लाख रुपये की रकम ही वापस की। इस तरह आरोपी ने सोची-समझी साजिश के तहत पीड़ित के साथ लाखों रुपये की ठगी की।
शिकायतकर्ता अजमेर सिंह की दरख्वास्त प्राप्त होने के बाद पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले की गहनता से जांच-पड़ताल की गई। पड़ताल के दौरान पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए जाने पर संबंधित थाना पुलिस ने आरोपी बृज मोहन सूद के खिलाफ धोखाधड़ी की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, केस दर्ज कर मामले की आगामी तफ्तीश शुरू कर दी गई है।