Edited By Tania pathak,Updated: 23 Mar, 2021 11:04 AM
मोगा पुलिस ने एक महिला के कत्ल के मामले को सुलझाते आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मोगा (आजाद): मोगा पुलिस ने एक महिला के कत्ल के मामले को सुलझाते आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। एस.एस.पी. हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि 16 मार्च 2021 को जीरा रोड के न्यू सोढी नगर में सुशील कुमारी (75) की पुत्री स्व. बचन राम की हत्या कर दी गई थी। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका दुपट्टे से गला घोट कर मार दिया था। इसके बाद मृतक के भाई शुभकरण सिंह उर्फ दुक्की के बयानों पर मामला थाना सिटी मोगा में दर्ज किया गया था। मामले की जांच दौरान सामने आया कि यह हत्या गुरजंट सिंह उर्फ जंटा पुत्र कुलवंत सिंह द्वारा की गई थी, जोकि पेंटर का काम करता है तथा उसी गली में रहता है, जिसमें मृतका रहती थी। उसके साथ उसके 2 कुंवारे भाई भी रहते थे।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने चोरी की नीयत से हत्या की थी, क्योंकि वह जानता था कि सुशील कुमारी घर में अकेली थी। उसके दोनों भाई अपने रिश्तेदारों को मिलने गए हुए थे तथा वह यह भी जानता था कि सुशील कुमारी रिटायर्ड नर्स थी। उसके घर काफी पैसा होता था, क्योंकि वह समय-समय पर पैसे उधार लेता रहता था, इसलिए वह 15 मार्च 2021 को सुबह लगभग 5 बजे उसके घर की दीवार तोड़कर उसके घर में दाखिल हुआ और बाथरूम में छुप गया। उसने घर से पैसे चोरी करके निकल जाने की योजना बनाई थी पर उसने उसको देख लिया। जब उसने शोर मचाने की कोशिश की तो उसने उसका उसी के दुपट्टे से गला घोट दिया तथा बाद में उसका मोबाइल फोन व 500 रुपए चोरी करके फरार हो गया।
उन्होंने कहा कि आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि उसने रात को दोबारा वापस आने की योजना बनाई थी, ताकि वह मृतक के घर से सारी कीमती वस्तुएं ले जाएं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपनी प्रेमिका को दिखाने के लिए उसकी हत्या करने के बाद मृतक की वीडियो भी बनाई, ताकि वह उसके साथ रहने के लिए दबाव डाल सके तथा उक्त वीडियो उसके मोबाइल फोन से बरामद की गई है। चोरी किए मोबाइल फोन तथा पैसे भी बरामद हुए है। मामले की अगली कारवाई चल रही है।