मोमोज खाते समय दो सगे नाबालिग भाइयों पर जानलेवा हमला, बड़े भाई की मौ+त

Edited By Vatika,Updated: 02 Jul, 2026 12:37 PM

पंजाब के तरनतारन जिले के हरिके कस्बे में पुरानी रंजिश के चलते दो सगे नाबालिग भाइयों

तरनतारन (रमन): पंजाब के तरनतारन जिले के हरिके कस्बे में पुरानी रंजिश के चलते दो सगे नाबालिग भाइयों पर उनके पुराने दोस्तों द्वारा कथित तौर पर श्री साहिब से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में 17 वर्षीय बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि छोटा भाई घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गुरलाल सिंह (15) और उसका बड़ा भाई अंगदजोत सिंह (17), पुत्र बलविंदर सिंह निवासी हरिके, गुरुवार रात करीब 8:30 बजे पट्टी रोड स्थित एक दुकान पर मोमोज खा रहे थे। इसी दौरान अंगदजोत के साथ पढ़ने वाले उसके पुराने दोस्त वहां पहुंच गए। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गुरशेर सिंह, सरूप सिंह और सिमरन सिंह ने दोनों भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान अंगदजोत सिंह पर श्री साहिब से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बड़े भाई को बचाने के लिए जब गुरलाल सिंह बीच-बचाव करने आया तो उसे भी घायल कर दिया गया।

घायल दोनों भाइयों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंगदजोत सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गुरलाल सिंह का इलाज जारी है। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना हरिके पत्तन के प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि मृतक के पिता बलविंदर सिंह के बयान के आधार पर गुरशेर सिंह, सरूप सिंह और सिमरन सिंह, तीनों निवासी गांव मरहाणा, के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पट्टी भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
 

Related Story

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!