Edited By Punjab Kesari,Updated: 03 Aug, 2017 12:27 PM
मुख्यमंत्री के शहर पटियाला के नगर निगम द्वारा 1 करोड़ 11 लाख रुपए के टैंडर रद्द कर दिए गए हैं। मेयर अमरिंद्र सिंह बजाज की अगुवाई में हुई
पटियाला (राजेश): मुख्यमंत्री के शहर पटियाला के नगर निगम द्वारा 1 करोड़ 11 लाख रुपए के टैंडर रद्द कर दिए गए हैं। मेयर अमरिंद्र सिंह बजाज की अगुवाई में हुई फाइनांस एंड कान्ट्रैक्ट कमेटी (एफ.एंड सी.सी.) द्वारा यह अहम फैसला लिया गया है।
नगर निगम द्वारा 6 महीने पहले यह टैंडर पास किए गए थे। अभी तक इनके वर्कआर्डर जारी नहीं किए गए थे। एफ. एंड सी.सी. ने कुल 22 कामों के टैंडर रद्द किए हैं, रद्द किए जाने का काम विधानसभा हलका पटियाला देहाती के वार्डों से संबंधित है। जिन कार्यों के टैंडर रद्द किए गए हैं, उनमें 4 पार्कों की डिवैल्पमैंट के कार्य हैं और अन्य कार्य इंटरलाकिंग टाइलों के हैं।
सूत्रों के अनुसार एफ. एंड सी.सी. द्वारा रद्द किए गए 1 करोड़ 11 लाख के कार्यों के लिए एक-एक ठेकेदार ने ही टैंडर दिया था और नगर निगम ने वह मंजूर भी कर लिया था पर अब स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की खतरनाक ‘बल्लेबाजी’ से डरते हुए नगर निगम ने इन टैंडरों को रद्द करने में बेहतरी समझी है। सूत्रों के अनुसार जिन अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मंत्री सिद्धू ने पंजाब सरकार के पर्सोनल विभाग को लिखा है, उनमें कमिश्रर खैहरा का नाम भी शामिल है। इस संबंधी बात करने पर मेयर अमरिंद्र सिंह बजाज और कमिश्रर गुरप्रीत सिंह खैहरा ने यही तर्क दिया कि सिंगल टैंडर होने के कारण इन कार्यों के वर्कआर्डर नहीं दिए गए और पुराने टैंडरों को रद्द करके री-टैंडरिंग करने का फैसला किया गया है।