Edited By Urmila,Updated: 12 Sep, 2026 10:48 AM

मेहतपुर शहर में बिना नंबर वाले मोटरसाइकिलों पर हुड़दंग करने वाले युवकों से परेशान लोगों की शिकायतों को देखते हुए हुड़दंग करने वालों पर चला पुलिस का डंडा चला।
मेहतपुर (मनोज): मेहतपुर शहर में बिना नंबर वाले मोटरसाइकिलों पर हुड़दंग करने वाले युवकों से परेशान लोगों की शिकायतों को देखते हुए हुड़दंग करने वालों पर चला पुलिस का डंडा चला। थाना प्रभारी लाभ सिंह ने ‘पंजाब केसरी’ में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए शहर में नाकाबंदी कर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस ने बिना नंबर वाले 9 मोटरसाइकिलों को इंपाउंड किया, जबकि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले 18 व्यक्तियों के चालान काटे गए। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
इसके अलावा कन्या स्कूल में छुट्टी के समय स्कूल के बाहर खड़े होकर छात्राओं को परेशान करने वाले मनचलों के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। थाना प्रभारी लाभ सिंह ने बताया कि मेहतपुर पुलिस द्वारा 112 की मदद से कानून व्यवस्था बिगाड़ने और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उन्होंने बिना नंबर वाले वाहन चालकों, हुड़दंगियों, बुलेट मोटरसाइकिलों से पटाखे जैसी आवाजें निकालने वालों तथा बिना किसी कारण कन्या स्कूल के बाहर खड़े रहने वाले युवकों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपनी हरकतों से बाज आएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here